युद्ध से पहले के स्तर पर पहुंची जहाजों की आवाजाही
West Asia Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्ध समझौते और शांति वार्ता का लाभ होर्मुज से गुजरने वाले दुनिया भर के समुद्री जहाजों को हुआ है। एक रिपोर्ट के अनुसार अब होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति सामान्य है और यहां पर आवाजाही युद्ध से पहले की स्थिति में पहुंच चुकी है। इस संबंध में जारी रिपोर्ट में एसएंडपी ग्लोबल ने यह खुलासा किया है कि ओमान और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन ने ओमान के तट के पास एक नया सुरक्षित रास्ता (कॉरिडोर) घोषित किया है।
इस फैसले के बाद से जहाजों की संख्या में काफी सुधार देखने को मिला है। दिन भर में हुए कुल ट्रैफिक का 40 प्रतिशत हिस्सा यानी 33 जहाज इसी नए सुरक्षित रास्ते से गुजरे। इनमें से 25 जहाज बाहर की ओर जा रहे थे। खास बात यह है कि आठ जहाज अपनी पहचान छिपाकर यानी ‘डार्क’ स्थिति में चलते हुए पाए गए। वहीं, कुछ अन्य जहाज ईरान की समुद्री सीमा के करीब से होकर निकले। रिपोर्ट के अनुसार, लड़ाई शुरू होने के बाद खाड़ी के अंदर फंसे हुए जहाज अब बाहर निकल रहे हैं। साथ ही कुछ नए जहाज भी अंदर आ रहे हैं। यह इस बात का संकेत है कि नेविगेशन की आजादी फिर से बहाल हो रही है और हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।
ईरान ने होर्मुज में जहाज पर किया ड्रोन हमला
होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात एक बार फिर से उस समय तनावपूर्ण हो गए। जब एक पोत पर ईरान ने ड्रोन हमला कर दिया। इस हमले के तुरंत बाद यूएन ने वहां चलाया जा रहा अभियान पूरी तरह से बंद कर दिया। इस अभियान के साथ ही फारस की खाड़ी में फंसे करीब 11 हजार नाविकों की सुरक्षा और जीवन पर खतरा मंडराने लगा है।
ज्ञात रहे कि ईरान ने मार्च के पहले सप्ताह में होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद कर दिया था। इसके चलते पूरी दुनिया के सैकड़ों जहाज होर्मुज के आसपास के क्षेत्र में फंस गए थे। इसके बाद पिछले दिनों अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते के बाद होर्मुज को पूरी तरह से खोलने पर सहमति बनी थी। जिसके बाद यूएन ने वहां फंसे जहाजों और नाविकों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया था।
ये भी पढ़ें : Madhya Pradesh Breaking News : मध्यप्रदेश के रतलाम में ताजिए के दौरान फैला करंट, दो की मौत, 15 घायल


