अडाणी पर केस और एपस्टीन फाइल्स से पीएम डरे हुए
Rahul Gandhi, (आज समाज), नई दिल्ली: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी ट्रेड डील में देश बेच दिया है। आपकी मेहनत को खून-पसीने को बेच दिया है, क्योंकि वे कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। राहुल ने कहा, नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं, क्योंकि जिन्होंने उनकी इमेज बनाई वे अब यह इमेज तोड़ रहे हैं। अमेरिका में अडानी पर केस है, यह असल में मोदी पर केस है। वो मोदी जी के फाइनेंशियल स्ट्रक्चर को टारगेट कर रहे हैं।
राहुल ने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल्स में और भी बहुत कुछ है जो अमेरिका ने अभी तक रिलीज नहीं किया है। उसकी वजह से भी पीएम पर प्रेशर है। ये दो प्रेशर पॉइंट्स हैं। देश को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। राहुल ने कहा कि इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति के भाषण पर नेता विपक्ष को बोलने नहीं दिया गया है। जनता को इस बारे में सोचने की जरूरत है।
वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश
कांग्रेस ने अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा- वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश है। ऐसा लग रहा है कि पीएम मोदी ने आखिरकार हार मान ली है।
सीजफायर की तरह ट्रेड डील की घोषणा भी ट्रम्प ने की
उन्होंने लिखा कि भारत को अपनी ही सरकार की कार्रवाइयों की जानकारी ट्रम्प या उनके नियुक्त प्रतिनिधियों से मिलती है। अब यह रूटीन बनता जा रहा है। कांग्रेस के एक्स पोस्ट में लिखा गया कि सीजफायर (आॅपरेशन सिंदूर) की तरह ट्रेड डील की घोषणा भी ट्रम्प की ओर से की गई। बताया गया मोदी की रिक्वेस्ट पर ट्रेड डील की जा रही है।
मेक इन इंडिया का क्या हुआ
कांग्रेस ने लिखा कि यह भी बताया गया कि मोदी रूस से तेल नहीं खरीदेंगे, अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे। क्या ट्रेड डील में मोदी सरकार रूस का साथ छोड़ने पर राजी हुई है। अमेरिका से ज्यादा सामान खरीदने की बात भी कही गई, अगर ऐसा है तो मेक इन इंडिया का क्या हुआ।
ट्रम्प ने किया था ट्रेड डील का ऐलान
दरअसल, ट्रम्प ने सोमवार को भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि भारत अब रूस से तेल खरीदना अब बंद कर देगा।


