यूपी के 12 जिलों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी, अन्य राज्यों को भी मिलेगा लाभ
Ganga Expressway Inauguration (आज समाज), लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लोगों को पीएम मोदी आज एक बड़ी सौगात देते हुए गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करते हुए इसे जनता को समर्पित करेंगे। इस एक्सप्रेस वे के शुरू होने से जहां उत्तर प्रदेश के 12 जिलों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी वहीं यात्रा भी आसान हो जाएगी। इस बहुप्रतिक्षित एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने के लिए पीएम मोदी सुबह 11.15 पर हरदोई पहुंचेंगे और 12.55 पर यहां से वापस लौटेंगे।
इस दौरान पीएम गंगा एक्सप्रेसवे का उदघाटन करने के साथ ही यूपीडा की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और साथ ही पौधरोपण करने के अलावा जनसभा समेत अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री जिस गंगा एक्सप्रेसवे को हरी झंडी दिखाएंगे वह मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे 12 महत्वपूर्ण जिलों को जोड़ता है।
इस हाई-स्पीड मार्ग के चालू होने से इन क्षेत्रों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। जहां पहले लंबी दूरी तय करने में कई घंटे लगते थे, अब यह सफर तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। इसके साथ ही, माल परिवहन की लागत में कमी आने से उद्योगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
पांच साल में बनकर तैयार हुआ एक्सप्रेस-वे
29 जनवरी 2019 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना को पुनर्जीवित किया। पर्यावरण के मानकों को पूरा करने के लिए, नए एक्सप्रेस-वे को गंगा नदी से 10 किलोमीटर की दूरी पर लगभग समानांतर बनाने की योजना तैयार की गई। इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीईआईडीए) को दी गई। गंगा एक्सप्रेस-वे की नींव योगी सरकार के कार्यकाल में 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से रखी गई थी। जिसके बाद इसका निर्माण कार्य तेज गति से हुआ और अब यह एक्सप्रेस वे पूरी तरह से बनकर तैयार है। जिसका उद्घाटन आज पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे।
ये भी पढ़ें : West Bengal Voting Live : पश्चिमी बंगाल में 142 सीटों पर आज होगी वोटिंग


