West Bengal Voting Live : पश्चिमी बंगाल में 142 सीटों पर आज होगी वोटिंग

0
183
West Bengal Voting Live : पश्चिमी बंगाल में 142 सीटों पर आज होगी वोटिंग
West Bengal Voting Live : पश्चिमी बंगाल में 142 सीटों पर आज होगी वोटिंग

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त, सुबह सात बजे से शुरू होगी वोटिंग

West Bengal Voting Live (आज समाज), कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग के बाद आज दूसरे चरण में कुल 142 सीट पर वोटिंग होगी। आज होने वाले मतदान के साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। दूसरे चरण के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। अगर कोई मतदाता शाम छह बजे तक वोटिंग की कतार में खड़ा है तो उसे मतदान का अधिकार होगा।

2321 कंपनियां सुरक्षा में तैनात

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कुल 2321 कंपनियों की तैनाती की जा रही है, जो मतदान केंद्रों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक निगरानी रखेंगी। केंद्रीय बलों के साथ-साथ राज्य पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। चुनाव आयोग के साथ हुई बैठकों में सुरक्षा के हर पहलू की समीक्षा की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

प्रशासन का दावा है कि इस बार सुरक्षा इतनी सख्त रहेगी कि किसी भी तरह की अराजकता के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह खुद सड़कों पर उतरकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। बख्तरबंद वाहनों और केंद्रीय बलों के साथ उनका ग्राउंड विजिट साफ संकेत देता है कि इस बार चुनाव को हर हाल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने की तैयारी है।

संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता

चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक इस बार दूसरे चरण के मतदान में संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर खास फोकस रखा गया है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को पहले ही खत्म किया जा सके।

ये भी पढ़ें : Weather Update Today : हल्की बारिश और तेज हवाओं ने दिलाई लू से राहत