मांझे से डॉक्टर समेत 2 की मौत
Makar Sankranti, (आज समाज), नई दिल्ली: देशभर में आज मकर संक्रांति का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। कल भी मकर संक्रांति मनाई जाएगी। दरअसल, सूर्य आज दोपहर करीब 3.20 बजे मकर राशि में प्रवेश करेगा। इस वजह से अगले दिन यानी 15 जनवरी को जो सूर्योदय होगा, उसमें सूर्य मकर राशि में रहेगा, इसलिए 15 तारीख को मकर संक्रांति का पुण्यकाल रहेगा। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को अहमदाबाद के नारणपुरा में परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ पतंग उड़ाई। पेंच लड़ाते वक्त उनकी पतंग को दूसरे पतंगबाज ने काट दिया।
पतंगबाजी के दौरान कई जगहों पर हुए हादसे
वहीं, मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के दौरान हादसे भी सामने आ रहे हैं। यूपी के जौनपुर में मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत हो गई। वहीं, एमपी के इंदौर और राजस्थान के बांसवाड़ा में दो बाइक सवारों की चाइनीज मांझे से गर्दन कट गई। दोनों अस्पताल में एडमिट हैं। कर्नाटक में भी मांझे से गला कटने से एक 48 साल के बाइक सवार की मौत हो गई। बीदर जिले में रहने वाले संजूकुमार होसमानी बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान तलामाडगी पुल के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए।


