
भारत की समुद्र आधारित परमाणु प्रतिरोध क्षमता को मिली मजबूती
K 4 Missile, (आज समाज), नई दिल्ली: भारत ने अपनी समुद्र आधारित परमाणु प्रतिरोध क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। गत दिवस भारत ने बंगाल की खाड़ी में न्यूक्लियर पावर्ड सबमरीन आईएनएस अरिघाट से 3,500 किलोमीटर रेंज वाली के-4 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। के-4 मिसाइल को इस तरह डिजाइन किया गया है।
कि इसे सबमरीन से लांच कर दूर स्थित टारगेट्स पर हमला किया जा सके। भारत अब जमीन, हवा और समुद्र—तीनों माध्यमों से परमाणु हथियार लॉन्च करने की क्षमता रखता है। लांच विशाखापट्टनम तट के पास किया गया।
2 टन तक न्यूक्लियर वॉरहेड ले जाने में सक्षम
ये मिसाइल 2 टन तक न्यूक्लियर वॉरहेड ले जाने में सक्षम है। वहीं, के-सीरीज की मिसाइलों में के अक्षर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सम्मान में रखा गया है, जिनकी भारत के मिसाइल कार्यक्रम में अहम भूमिका रही है।
मिसाइल की खासियत
के-4 मिसाइल, जमीन से लांच होने वाली अग्नि-सीरीज पर आधारित एक एडवांस सिस्टम मिसाइल है, जिसे पनडुब्बी से लांच के लिए बनाया गया है। लांच के समय मिसाइल पहले समुद्र की सतह से बाहर आती है, इसके बाद उड़ान भरते हुए लक्ष्य की ओर बढ़ती है। यह मिसाइल अरिहंत-क्लास की पनडुब्बियों से दागी जा सकती है।
न्यूक्लियर ट्रायड का अहम हिस्सा
के-4 को भारत की न्यूक्लियर ट्रायड का एक महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है। इससे भारत की डिटेरेंस क्षमता मजबूत होती है, यानी संभावित दुश्मन पर यह मनोवैज्ञानिक दबाव बनता है कि किसी भी हमले का जवाब दिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: राजनीतिक दलों ने इलेक्टोरल ट्रस्ट के जरिए जुटाए 3,811 करोड़, भाजपा को सबसे अधिक 3,112 करोड़ चंदा मिला

