West Asia Crisis : होर्मुज बना पश्चिम एशिया में तनाव का केंद्र

0
137
West Asia Crisis : होर्मुज बना पश्चिम एशिया में तनाव का केंद्र
West Asia Crisis : होर्मुज बना पश्चिम एशिया में तनाव का केंद्र

अमेरिका की जंग अब ईरान की बजाए होर्मुज पर आकर रुकी, विश्व सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित, कई देशों में बन रहे आपात हालात

West Asia Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और इजराइल ने एक साथ मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। उस समय इन दोनों को यह उम्मीद नहीं थी कि यह युद्ध और तनाव इतना लंबा खिंच जाएगा। हालांकि बाद में अमेरिका ने ईरान को झुकता हुआ न देखकर युद्ध विराम की घोषणा कर दी। लेकिन उससे पहले ही ईरान ने होर्मुज को घेरते हुए इससे विश्व सप्लाई चेन को लगभग खत्म कर दिया।

वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य तनाव का बड़ा केंद्र बन चुका है। दोनों देश इसे लेकर एक-दूसरे के सामने हैं। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल सप्लाई गुजरती है। ईरान ने यहां शिपिंग कंट्रोल के लिए नया प्रस्ताव भी दिया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि कुछ समुद्री रास्तों को सीमित किया जा सकता है, जबकि ईरान के साथ सहयोग करने वाले व्यावसायिक जहाजों को नियंत्रित तरीके से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

दोनों देशों के बीच हालात बेहद नाजुक

हालांकि पिछले महीने युद्धविराम की घोषणा हुई थी, लेकिन हालात अभी भी बेहद नाजुक बने हुए हैं। अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी नौसैनिक मौजूदगी मजबूत कर रखी है। ऐसे में ट्रंप के नए बयान और सैन्य कार्रवाई की अटकलों ने पश्चिम एशिया में एक बड़े टकराव की आशंका को फिर बढ़ा दिया है। दूसरी तरफ ईरान भी अपने रुख पर कायम नजर आ रहा है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका की ओर से बातचीत शुरू करने के संकेत मिले हैं, लेकिन तेहरान को अभी भी वॉशिंगटन की नीयत पर भरोसा नहीं है। वहीं ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि ईरान की 14 सूत्रीय शांति योजना के अलावा कोई भी प्रस्ताव बेनतीजा साबित होगा।

ईरान पर हवाई हमले के विकल्प पर चर्चा

ट्रंप के इस संदेश को सीधे तौर पर ईरान के लिए चेतावनी माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ फिर से हवाई हमले शुरू करने के विकल्प पर चर्चा कर रहा है। बताया जा रहा है कि अगर कूटनीतिक बातचीत सफल नहीं होती, तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई का रास्ता अपना सकता है।

वहीं, एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप अपनी ईरान नीति को लेकर बड़ा फैसला लेने की तैयारी में हैं। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संभावित सैन्य योजनाओं पर चर्चा चल रही है। इससे पहले भी ट्रंप ईरान को चेतावनी दे चुके हैं कि अगर जल्द कोई शांति समझौता नहीं हुआ, तो ईरान के लिए ‘बहुत बुरा समय’ आ सकता है।

ये भी पढ़ें : Rajdhani Express Got Fire : राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग

  • TAGS
  • [post_tags]