मृतकों में दो के शव फंदे पर लटके मिले जबकि दो बच्चे फर्श पर मृत मिले, पुलिस मामले की जांच में जुटी
Kerala Crime News (आज समाज), रामंथली : केरल के उत्तरी जिले रामंथली में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी घरेलू विवाद के चलते इन चारों की जान गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान केरल के उत्तरी जिले रामंथली निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति, उनकी 60 वर्षीय मां और उनके दो बच्चे (जिनकी उम्र पांच और दो साल थी) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस यह आंशका जता रही
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अंदेशा लग रहा है कि उक्त व्यक्ति ने पहले अपने बच्चों की हत्या की उसके बाद अपनी मां को मारकर खुद भी फंदे पर झूल गया। हालांकि पुलिस इसे अंतिम जांच भी नहीं कह रही। वह अन्य बिंदुओं के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस इन चार मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है इसके साथ ही परिवार की पृष्ठभूमि के बारे में भी खोजबीन की जा रही है ताकि कोई ठोस और अहम सुराग इस मामले में मिल सके।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में आग में जले परिवार के चार सदस्य
वहीं एक अन्य बड़े हादसे में पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक घर में आग लगने से एक नाबालिग लड़की समेत परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई। यह घटना जॉयपुर थाना क्षेत्र के सौरिया गांव में रात को हुई। मृतकों में दुर्योधन दोलुई (72), उनके बेटे दूधकुमार दोलुई (45), बहू शिबानी दोलुई (40) और पोती शम्पा (15) शामिल हैं। हालांकि आग किन कारणों से लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग उस समय लगी जब परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। आग लगने के बाद जब तक परिवार के सदस्य संभल पाते आग उन्हें पूरी तरह से चपेट में ले चुकी थी जिससे चारों की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : Weather Update : उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में 27 तक घने कोहरे का अलर्ट


