कहा, भविष्य में ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम उठाते रहना होगा
CDS Anil Chauhan (आज समाज), नई दिल्ली : देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने एक बार फिर से देश को सीमा पर पैदा होने वाले खतरों से निपटने के लिए आगाह किया है। उन्होंने कहा कि हो सकता है ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम उठाने की बार-बार आवश्यकता महसूस हो। वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
इस दौरान जनरल चौहान ने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियान अब विकल्प नहीं बल्कि एक आवश्यकता होंगे, जहां एक क्षेत्र का प्रभाव दूसरे क्षेत्र पर तुरंत महसूस होगा। उन्होंने कहा कि भारत को किन खतरों और चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए, यह दो तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। चीन या पाकिस्तान का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हमारे दोनों विरोधी परमाणु हथियार से लैस देश हैं। इसलिए हमें उनकी प्रतिरोधक क्षमता को टूटने नहीं देना चाहिए।
वैश्विक स्तर पर हम लगातार आतंकवाद का मुद्दा उठा रहे
उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी सख्ती और ‘जीरो टॉलरेंस की नीति’ को हमेशा से ही बड़े अडिगता और बुलंद आवाज के साथ रखा है। ऐसे में अब चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने आतंकवाद से निपटने के लिए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश को आतंकवाद से निपटने के लिए छोटे समय के लेकिन बहुत तेज और सख्त सैन्य अभियानों के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पड़ोसी देशों के साथ सीमा विवादों के कारण लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष की तैयारी भी जरूरी है।
हमें दोनों पड़ोसी देशों से अलर्ट रहना होगा
जनरल चौहान ने कहा कि भारत के दोनों प्रमुख पड़ोसी, जिनसे खतरा है, परमाणु हथियारों से लैस हैं। ऐसे में भारत को यह सुनिश्चित करना होगा कि डर और दबाव की स्थिति कभी उस हद तक न पहुंचे जहां संतुलन टूट जाए। उन्होंने पाकिस्तान और चीन का नाम लिए बिना यह बात कही। इस दौरान सीडीएस चौहान ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत के दोनों पड़ोसियों के साथ सीमा विवाद हैं। इसलिए देश को एक ओर आतंकवाद को रोकने के लिए ‘आॅपरेशन सिंदूर’ जैसे छोटे लेकिन प्रभावी सैन्य अभियानों के लिए तैयार रहना होगा, वहीं दूसरी ओर जमीन से जुड़े लंबे संघर्ष की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे युद्धों से बचने की पूरी कोशिश की जानी चाहिए।
ये भी पढ़ें : Weather Update : उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में 27 तक घने कोहरे का अलर्ट


