जारी रहेगी टोकन व्यवस्था, मकसद, श्रद्धालुओं को लंबी कतार में खड़ा न होना पड़े
Char Dham Yatra (आज समाज), नई दिल्ली : देश और विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की प्रतीक चार धाम यात्रा अगले माह से शुरू होने जा रही है। इस यात्रा के लिए चारों धाम पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही इस यात्रा को लेकर केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में विशेष प्रबंध करते हुए प्रबंधन बोर्ड ने यहां पर मंदिर में दर्शनों के लिए टोकन व्यवस्था जारी रखी जाएगी। ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कम समय लगे और उन्हें लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े।
पिछले साल से दोगुना हुए डेंजर जोन
चारधाम यात्रा मार्ग पर इस बार पिछले साल से करीब दो गुने डेंजर जोन हो गए हैं। आपदा के चलते इस मार्ग पर भूस्खलन जोन और ब्लैक स्पॉट में बढ़ोतरी हुई है। इनकी संख्या पिछले साल करीब 58 थी जो कि इस साल 100 से अधिक हो गई है। ऐसे में आईजी रेंज की ओर से पुलिस और संबंधित विभागों को इन जगहों की निगरानी करने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रा से पहले इनमें से कुछेक को दुरुस्त भी कर लिया जाएगा।
पिछले साल 51 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे
दरअसल, पिछले साल चारधाम यात्रा में करीब 51 लाख से अधिक तीर्थयात्री आए थे। इनमें से करीब 72 फीसदी 36 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री पहले दो महीने में ही पहुंच गए थे। यह आंकड़ा एक निजी संस्था के सर्वे में सामने आया है। इसके बाद से यात्रा मार्ग पर बारिश व अन्य आपदाओं का दौर शुरू हो गया। इस संस्था के सर्वे के अनुसार करीब सात महीने की इस यात्रा में 60 से ज्यादा दिन तो ऐसे रहे जिनमें कोई यात्री पहुंचा ही नहीं। ऐसे में चारधाम यात्रा कई दौर में रुक-रुककर ही संचालित हुई।
देश के कई अन्य मंदिरों में जारी है टोकन व्यवस्था
पर्यटन विभाग ने वैष्णों देवी समेत देश के अन्य बड़े मंदिरों की तर्ज पर केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की थी। इसका मकसद था कि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े।
ये भी पढ़ें : PM Modi on West Asia Crisis : पश्चिम एशिया तनाव का किसानों पर नहीं होगा असर : पीएम


