
दोपहर करीब 2 बजे हुआ ब्लास्ट, 5 किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज, सीएम ने जताया दुख
Firecracker Factory Blast, (आज समाज), अमरावती: आंध्र प्रदेश में आज एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई जबकि 6 लोगों के घायल होने का भी समाचार है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके इतना भीषण था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
इसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे में घायल लोगों को अस्पताल भेजना शुरू किया।वहीं, हादसे पर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धान के खेतों में जाकर गिरी लाशें
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया, धमाका इतना तेज था कि लाशें पास के धान के खेतों में जाकर गिरीं। हरे-भरे धान के खेतों के बीच डरावना मंजर देखने को मिला, जब स्थानीय लोग बाराकालू, यानी खाद की बोरियों से बनी चादरों में लाशें ले जाते दिखे।
पुलिस ने शरीर के हिस्सों का पता लगाने के लिए खेत में तैनात किए ड्रोन
पुलिस ने पास के खेतों में बिखरे शरीर के हिस्सों का पता लगाने के लिए ड्रोन तैनात किए हैं। काकीनाडा गवर्नमेंट हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट ने कहा कि हॉस्पिटल में आए घायल 90 से 100 परसेंट तक जले हुए हैं। उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया

