टीएमसी दूसरे स्थान पर, क्या इस बार बंगाल में सच में होगा बदलाव
West Bengal Counting Live (आज समाज), कोलकाता : देश के पांच राज्यों में आज नई सरकार की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। पिछले दिनों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में हुए मतदान के बाद आज सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि पांचों राज्यों में चुनाव महत्वपूर्ण हैं लेकिन देश की जनता की सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल पर टिकी हुई है। एक तरफ जहां ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी एक बार फिर से सत्ता में आने का दावा कर रही है तो वहीं भाजपा नेता इस बार बदलाव का दावा कर रहे हैं। भाजपा का कहना है कि इस बार बंगाल की जनता ने रिकॉर्ड वोटिंग करते हुए बंगाल में बदलाव का ऐलान कर दिया है।
शुरुआती रूझान भाजपा के पक्ष में जा रहे
सुबह साढ़े आठ बजे तक पश्चिम बंगाल में कुल मिलाकर 107 सीटों के शुरुआती रूझान सामने आ चुके हैं जिनमें से भाजपा की 64 सीट पर बढ़त है जबकि टीएमसी मात्र 43 सीट पर आगे है। शुरुआती रूझान देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी की लहर है। सभी यह दावा कर रहे हैं कि भाजपा रिकॉर्ड सीट जीतते हुए सत्ता में आएगी। ज्ञात रहे कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के पास 77 सीट थी जबकि टीएमसी ने 215 सीट जीतते हुए सरकार बनाई थी।
कल यह बोले थे मुख्य निर्वाचन अधिकारी
कल पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि (मतगणना के लिए) सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। हमारे निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, मतगणना एजेंट और मतगणना पर्यवेक्षक सभी तैयार हैं। उन्हें कई बार प्रशिक्षण दिया गया है। कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी की कोई संभावना नहीं है। सब कुछ नियमों के अनुसार होगा। मतगणना केंद्रों पर सीएपीएफ की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। मतगणना से पहले उन्होंने आगे कहा, हर जगह एक जैसी व्यवस्था है। कोई भी संवेदनशील या असंवेदनशील मतगणना केंद्र नहीं है। त्रिस्तरीय सुरक्षा है। सीएपीएफ के अलावा, सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात हैं। सभी तरह की व्यवस्थाएं पूरी हैं। कोई समस्या नहीं है।


