Assam Floods News : लगातार बारिश से बाढ़ की चपेट में आया असम

0
99
Assam Floods News : लगातार बारिश से बाढ़ की चपेट में आया असम
Assam Floods News : लगातार बारिश से बाढ़ की चपेट में आया असम

राज्य के कुल 6 जिलों के 22 हजार लोग प्रभावित, धेमाजी जिला सबसे ज्यादा बाढ़ग्रस्त

Assam Floods News (आज समाज), गुवाहाटी : पिछले कई दिन से मानसून की सक्रियता के चलते असम में हालात काफी बिगड़ चुके हैं। बारिश के चलते ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर को बढ़ा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शिवसागर जिले के नांगलामुराघाट में दिसांग नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

इससे राज्य के छह जिले बुरी तरह से बाढ़ की गिरफ्त में आ चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के 22 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, धेमाजी, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़, चिरांग, लखीमपुर और कोकराझार जिलों में कुल 22,124 लोग प्रभावित हुए हैं।

अकेले धेमाजी जिले में 96 गांव डूबे

धेमाजी जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां 15,483 लोग बढ़ते जलस्तर की वजह से संकट का सामना कर रहे हैं। बाढ़ के पानी ने 96 गांवों को पूरी तरह डुबो दिया है। इस आपदा ने लगभग 1,690 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को भी नष्ट कर दिया है। इंसानों के साथ-साथ 48,199 जानवर भी इस बाढ़ की मार झेल रहे हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि सरकार धेमाजी जिले में राहत और पुनर्वास के लिए संसाधन जुटा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोगों के जीवन पर पड़े इस प्रभाव से बहुत दुखी हैं। इस कठिन समय में सरकार लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

ईधर उत्तर पश्चिम भारत में लोग गर्मी से बेहाल

एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के चलते अच्छी बारिश हो रही है तो वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल लू का असर बना हुआ है। आईएमडी ने 29 जून को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 30 जून तक लू चल सकती है।

बिहार में भी 28 और 29 जून को लू की स्थिति रहने की आशंका है। राजस्थान के फलोदी में शनिवार को देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 30 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदलने लगेगा। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

ये भी पढ़ें : Pakistan-Afghanistan Conflict : पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान सीमा पर की बड़ी स्ट्राईक