Amarnath Yatra Updates, (आज समाज), श्रीनगर: पवित्र अमरनाथ यात्रा का आज आठवां दिन है और तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सूत्रों के अनुसार अब तक 1.5 लाख से अधिक श्रद्धालू अपनी ऐतिहासिक अमरनाथ यात्रा पूरी कर चुके हैं। पहले छह दिन में 1 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने यात्रा की है। इस बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्रा के इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने बताया है कि बालटाल और पहलगाम रूट से यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।
एलजी की बिना रजिस्ट्रेशन वाले यात्रियों से अपील
उपराज्यपाल ने बिना रजिस्ट्रेशन वाले यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी बारी का इंतजार करें। प्रशासन ने फिर से कहा है कि यात्रा के सुचारू संचालन और सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तीर्थयात्रियों को आधिकारिक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और सुरक्षा दिशानिदेर्शों का पालन करना चाहिए।
बुधवार को रवाना हुआ था सातवां जत्था
जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से बुधवार को अमरनाथ यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों का सातवां जत्था रवाना हुआ। इस दौरान भक्ति का माहौल था और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे, जबकि हज़ारों श्रद्धालु कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र गुफा मंदिर की ओर अपनी यात्रा जारी रखे हुए थे।
हार्ट अटैक से एक तीर्थयात्री की मौत
हार्ट अटैक के कारण इस बीच एक श्रद्धालू की मौत की खबर है। सूत्रों के अनुसार दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में यात्रा के दौरान मार्ग रास्ते में 62 वर्षीय कृष्ण ठाकुर को दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वह जम्मू-कश्मीर के रामबने जिले के बनिहाल के रहने वाले थे और अमरनाथ गुफा के दर्शनार्थ निकले थे। तबीयत बिगड़ने पर कृष्ण ठाकुर को पास के अस्पताल ले जाया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अनंतनाग मेडिकल कॉलेज भेज दिया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने कृष्ण ठाकुर को बचाने पूरा प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
ये भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2026: 5,000 से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शनार्थ रवाना हुए


