Weather Update : उत्तर भारत में कल से हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

0
70
Weather Update : उत्तर भारत में कल से हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
Weather Update : उत्तर भारत में कल से हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान तक बदलेगा मौसम, प्री मानसून एक्टिविटी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से आएगा बदलाव

Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : जून के अंतिम दिन चल रहे हैं जबकि दक्षिण-पश्चिमी मानसून का इंतजार उत्तर भारत में लंबा होता जा रहा है। ज्यादात्तर राज्यों में चुभन भरी गर्मी का दौर जारी है। इसके साथ ही तापमान भी 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि रविवार यानी 28 फरवरी से उत्तर भारत का मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और मानसून के असर के चलते आएगा।

इस दौरान हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान परिस्थितियां अनुकूल रहने से मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, झारखंड, बिहार तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ सकता है। इससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

हिमाचल में भी चल रहा बारिश का दौर

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और उसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार को तेज हवाओं और गरज के साथ भारी और रुक-रुक कर बारिश हुई। शिमला के बाहरी इलाके मशोबरा में सबसे अधिक 35 मिमी बारिश दर्ज की गई। स्थानीय मौसम केंद्र ने 27 जून से राज्य में छह दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है और 1 तथा 2 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें : UP Crime News : यूपी पुलिस ने एक लाख का इनामी बदमाश किया ढेर