New Year 2026 Celebration : पूरे विश्व में नए साल का शानदार आगाज

0
359
New Year 2026 Celebration : पूरे विश्व में नए साल का शानदार आगाज
New Year 2026 Celebration : पूरे विश्व में नए साल का शानदार आगाज

भारत में आधी रात को लोगों ने खुले आसमान के नीचे नाच गाकर और आतिशबाजी करके किया 2026 का स्वागत, राष्टÑपति सहित सभी बड़े नेताओं ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं

New Year 2026 Celebration (आज समाज), नई दिल्ली : भारत सहित दुनिया के अधिकत्तर देशों में नए साल का आगाज हो चुका है। भारत में आधी रात को हर शहर में नए साल का जश्न मनाया गया। लोग खुले आसमान के नीचे एकत्रित हुए और नाच गाकर और आतिशबाजी करते हुए नए साल का जश्न मनाया और एक दूसरे को बधाई दी। इससे पहले नए साल की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति मुर्मू ने बुधवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र के विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि नया साल नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने इसे आत्म-चिंतन और नए संकल्प लेने का अवसर बताया। राष्ट्रपति मुर्मू ने देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, ईश्वर करे कि वर्ष 2026 हमारे जीवन में शांति, सुख और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह नया साल एक मजबूत और अधिक समृद्ध भारत के निर्माण के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।

जापान में अनोखे तरीके से की नए साल की शुरूआत

जापान में भी नए साल 2026 की शुरूआत बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई। जापान में 31 दिसंबर की रात को ओमिसोका कहा जाता है, जो नए साल का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस दौरान बौद्ध मंदिरों में एक विशेष परंपरा निभाई जाती है, जिसे जोया नो काने कहा जाता है। इसके तहत मंदिरों की विशाल घंटियां 108 बार बजाई जाती हैं। मान्यता है कि ये 108 घंटे इंसान के 108 सांसारिक दोषों का प्रतीक हैं, और हर घंटी के साथ एक दोष समाप्त होता है। लोग मंदिरों में प्रार्थना करते हैं, आत्मचिंतन करते हैं और शुद्ध मन से नए साल में प्रवेश करते हैं। यह परंपरा जापान की गहरी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक सोच को दर्शाती है।

चीन में आतिशबाजी और पारंपरिक कार्यक्रमों का सुमेल

चीन में भी बड़े शहरों में रोशनी, आतिशबाजी और पारंपरिक कार्यक्रमों के जरिए 2026 की शुरूआत हुई। हांगकांग में ऊंची इमारतों पर काउंटडाउन क्लॉक दिखाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। मलेशिया के कुआलालंपुर और चीन के प्रमुख शहरों में भी रोशनी और पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ नए साल का स्वागत हुआ। इसके साथ ही एशिया में हर देश में खूब जश्न मनाए गए।

  • TAGS
  • [post_tags]