Weather Update Today : भीषण ठंड के बीच नए साल का आगाज

0
198
Weather Update Today : भीषण ठंड के बीच नए साल का आगाज
Weather Update Today : भीषण ठंड के बीच नए साल का आगाज

कोहरे और शीत लहर से आम जनजीवन प्रभावित, अभी राहत की नहीं है उम्मीद

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : देश के उत्तरी हिस्से में इन दिनों भीषण ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कोहरा और शीत लहर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ा रहे हैं। वहीं जहां पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी की संभावना है वहीं उत्तरी भारत के मैदानी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। 31 दिसंबर को भी हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के बाद मैदानों में बेहद सर्द हवाएं चली।

वहीं कोहरे से सड़क, रेल एवं हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। घने कोहरे के चलते केवल दिल्ली और श्रीनगर में 300 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कम दृश्यता के कारण कम से कम 148 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिनमें 78 आगमन और 70 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल थीं। अभी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही। उत्तर भारत में चार से पांच दिन घना कोहरा बना रह सकता है।

पंजाब में अमृतसर, हरियाणा में रोहतक सबसे ठंडा

मैदानी राज्यों में शीतलहर से तापमान में गिरावट आई है। पंजाब में अमृतसर में सबसे कम 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। हरियाणा में रोहतक सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और राजस्थान के करौली में सबसे कम 4.6 डिग्री तापमान दज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान व यूपी समेत मैदानी राज्यों में एक जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी और हिमाचल प्रदेश में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जबकि बिहार में गंभीर शीत दिवस की स्थिति की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली में 31 दिसंबर को टूटा छह साल का रिकॉर्ड

दिल्ली में बुधवार छह वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री नीचे) व अधिकतम 14.2 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 6.2 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 2020 के बाद से सबसे कम दैनिक तापमान है। इससे पूर्व 31 दिसंबर, 2019 को अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री रहा था। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री व न्यूनतम 7.4 डिग्री, नोएडा में अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। इनमें बांदीपोरा का गुरेज, बारामूला का गुलमर्ग और कुपवारा का मच्छिल शामिल हैं। मौसम विभाग ने एक और दो जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें : New Year 2026 Celebration : पूरे विश्व में नए साल का शानदार आगाज

  • TAGS
  • [post_tags]