Somnath Temple Kalash : सोमनाथ मंदिर में आज स्थापित होगा विशेष कलश

0
438
Somnath Temple Kalash : सोमनाथ मंदिर में आज स्थापित होगा विशेष कलश
Somnath Temple Kalash : सोमनाथ मंदिर में आज स्थापित होगा विशेष कलश

विशेष रूप से तैयार कलश की क्षमता 1100 लीटर, पीएम मोदी सहित कई बड़ी हस्तियां होंगी समारोह में शामिल

Somnath Temple Kalash (आज समाज), सोमनाथ : आज गुजरात में सोमनाथ मंदिर के शिखर पर विशेष कलश से देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया जाएगा, जो सोमनाथ के गौरवशाली इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा। अधिकारियों ने बताया, महीनों की मेहनत के बाद इस कलश को तैयार किया है। 90 मीटर ऊंची क्रेन की सहायता से इस विशाल कुंभ को मंदिर के शिखर तक सावधानीपूर्वक पहुंचाया जाएगा।

अत्याधुनिक रिमोट कंट्रोल प्रणाली और सेंसर सिस्टम की सहायता से महज तीन मिनट में शिखर पर स्थापित कलश से वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटों की गूंज के बीच 11 पवित्र तीर्थों के पवित्र जल से शिखर अभिषेक संपन्न होगा। यह दृश्य आस्था, विज्ञान और पंरपरा के साथ इतिहास का अनूठा संगम दिखेगा।

पीएम मोदी के साथ ये गणमान्य भी रहेंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इस आयोजन के साक्षी बनेंगे। पीएम मोदी के साथ कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा, देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बनने के लिए सोमनाथ पहुंच रहे हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में कुंभाभिषेक का रिहर्सल भी हुआ है। इस महापर्व के लिए सोमनाथ मंदिर को फूलों से सजाया गया है। भव्य आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

अकेले कलश का वजन 760 किलोग्राम

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिखर कुंभाभिषेक दक्षिण भारत के मंदिरों में 10 से 12 वर्षों के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। लेकिन सोमनाथ मंदिर में यह आयोजन पहली बार हो रहा है, जिससे इसकी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता और भी बढ़ गई है। विशेष रूप से तैयार करीब आठ फीट ऊंचे कलश की क्षमता 1100 लीटर की है। इसकी पूरी संरचना का वजन 1860 किलोग्राम है, जिसमें स्वयं कलश का वजन 760 किलोग्राम है। इतना विशाल और तकनीकी रूप से उन्नत कलश अपने आप में एक अद्भुत इंजीनियरिंग का उदाहरण है।