यदि बातचीत रही सकारात्मक तो आगे बढ़ेगा युद्धविराम, नहीं तो दोबारा शुरू हो सकते हैं हमले, पाकिस्तान में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल करेंगे वार्ता
US-Iran Peace Talks (आज समाज), वॉशिंगटन/इस्लामाबा/तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुआ युद्ध इन दिनों शांत है। दोनों ही पक्ष पिछले दिनों बातचीत के लिए तैयार हुए थे और दो सप्ताह के युद्ध विराम का ऐलान किया था। आज अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज बातचीत करेंगे। आज की बैठक न केवल ये दोनों देशों बल्कि दुनिया के कई अन्य देशों के लिए महत्वपूर्ण होगी। यदि आज की वार्ता सफल रही तो दोनों देश बातचीत को आगे जारी रखेंगे। यदि दोनों एक दूसरे की शार्तों से सहमत नहीं होते तो दोबारा से हमले शुरू हो सकते हैं।
अमेरिका की तरफ से ये होंगे प्रतिनिधि
इस बैठक में अमेरिका की तरफ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस टीम का नेतृत्व करेंगे। इसमें अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल होंगे। ईरानी मीडिया के अनुसार संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस बातचीत को आगे की शांति प्रक्रिया के लिए अहम माना जा रहा है। इस बड़े इवेंट से पहले पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में दो दिन की छुट्टी घोषित की है।
वार्ता से पहले ट्रंप का यह बयान आया सामने
आज की वार्ता पर बयान देते हुए गत दिवस अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा थो कि यदि ईरान ने बातचीत के दौरान अमेरिका की शर्तें नहीं मानी तो ईरान के लिए यह बहुत घातक सिद्ध होगा। ट्रंप ने कहा था कि पाकिस्तान में होने वाली वार्ता ईरान के लिए बहुत ज्यादा महत्व रखती है। इसी वार्ता पर उसका भविष्य टिका हुआ है। इससे पहले अमेरिकी सेना ने दावा किया था कि युद्ध में ईरान को नुकसान हुआ है। अमेरिका का कहना है कि उसने ईरान के ठिकानों पर 13,000 से ज्यादा हमले किए हैं। फिलहाल सीजफायर के कारण हमले रोक दिए गए हैं, लेकिन अमेरिकी सेना इलाके में मौजूद है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई कर सकती है।
आज की बातचीत के मुख्य मुद्दे
अमेरिका का कहना है कि ईरान में कोई संवर्धन नहीं होगा। ईरान को अपना सारा हाई-लीवल इनरिच्ड यूरेनियम बाहर करना होगा और न्यूक्लियर फैसिलिटीज बंद या सीमित करनी होंगी। वहीं अमेरिका ने कहा है कि होर्मुज को जल्द खोला जाए। स्ट्रेट आॅफ होर्मुज- दुनिया का बहुत सारा तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान अभी भी इसका नियंत्रण रखना चाहता है और टोल (फीस) लेने की बात कर रहा है। वहीं, अमेरिका चाहता है कि रास्ता पूरी तरह खुला और सुरक्षित हो, बिना किसी रुकावट या फीस के। अमेरिका ईरान की लंबी दूरी की मिसाइलों पर रोक लगाना चाहता है।


