पश्चिमी विक्षोभ का असर अब केवल पहाड़ी राज्यों तक सीमित, मैदानी राज्यों में मौसम साफ होने से किसानों ने ली राहत की सांस
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले कई दिन से उत्तर पश्चिमी भारत में मौसम के तेवर काफी ज्यादा परेशान करने वाले रहे। अप्रैल में बारिश और बर्फबारी का लंबा दौर चला जिससे गर्मी से तो राहत मिली लेकिन पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान के किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। अब जबकि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हुआ है और मैदानों में धूप खिल रही है तो इससे किसानों ने राहत की सांस ली है।
बीते दिनों हुई बारिश से किसानों की खेतों में पकी फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा बुलेटिन के अनुसार 10 से 15 अप्रैल के बीच देश के कई हिस्सों में तापमान 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि कई क्षेत्रों में खराब मौसम की गतिविधियां भी जारी रहेंगी।
इन राज्यों में आज और कल बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती प्रसार और मजबूत उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम के संयुक्त प्रभाव से कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 अप्रैल तक मौसम खराब बने रहने का अनुमान है। इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
इन राज्यों के किसानों को हुआ नुकसान
बेमौसम बारिश ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। बारिश ने मैदानी राज्यों में खड़ी फसलों को गिरा दिया और कटी फसलों को भिगो दिया है। रही सही कसर खेतों में भरे पानी ने पूरी कर दी है। ऐसे में किसानों को हो रहे नुकसान को देखते हुए केंद्र ने राज्यों से आकलन कर रिपोर्ट देने को कहा है, ताकि उन्हें मुआवजा मिल सके और वह अगली बुवाई की तैयारी में लग सकें। उधर, हरियाणा, यूपी की मंडियों में रखा गेहूं भी भीग गया है।
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अभी गेहूं की फसल पूरी तरह से कटी नहीं थी, या कटी थी तो खेतों में ही पड़ी थी। इसलिए बारिश और ओलावृष्टि ने फसल पर असर डाला है। इससे फसल के दाने के काले पड़ने और गुणवत्ता में कमत्तर रहने के आसार बन रहे हैं, जिसने किसानों को बेहाल कर दिया है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि वह नुकसान का आकलन जल्द दे, जिससे फसल बीमा के माध्यम से किसानों के नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द कराई जा सके।
पंजाब सबसे अधिक प्रभावित
अचानक बारिश का सबसे ज्यादा असर पंजाब में देखने को मिला है। यहां 1.30 लाख हेक्टेयर में गेहूं की फसल पर खराब होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश से गेहूं की कटाई में देरी हो गई। इसके चलते मंडियों में गेहूं की आवक कम है। अभी तक करीब 11,984 मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई है। इसमें से 7,693 मीट्रिक की खरीद हुई है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : खाड़ी देशों से 1800 से अधिक नाविक सुरक्षित निकाले : केंद्र


