Taj Mahal Shah Jahan Urs: ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां का 371वां उर्स शुरू

0
304
ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां का 371वां उर्स शुरू
ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां का 371वां उर्स शुरू

शाहजहां-मुमताज की असली कब्र खुली
Taj Mahal Shah Jahan Urs, (आज समाज), आगरा: ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां का 371वां उर्स आज से शुरू हो गया है। यह उर्स 3 दिन तक चलेगा। इस दौरान टूरिस्ट्स के लिए एंट्री फ्री रहेगी। गुसल की रस्म (कब्रों पर चंदन का लेप) के साथ उर्स की शुरूआत हुई। शाहजहां-मुमताज की असली कब्र खोल दी गई है। सबसे पहले एएसआई और उर्स कमेटी ने फूलों की चादर चढ़ाई।

उर्स के दौरान दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक ताजमहल में कव्वाली गूंजेगी। कब्रों पर देश में खुशहाली के लिए दुआ मांगी जाएगी। आखिरी दिन यानी 17 जनवरी को चादरपोशी होगी। जिसमें एक सतरंगी चादर 1720 मीटर लंबी चढ़ाई जाएगी।

धर्मगुरुओं की मौजूदगी में चादर निकाली जाएगी

उर्स के अंतिम दिन सुबह कुलशरीफ, कुरानख्वानी और फातिहा पढ़ी जाएगी। इसके बाद दिनभर चादरपोशी और पंखे चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी। सतरंगी चादर दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से धर्मगुरुओं की मौजूदगी में निकाली जाएगी।

वहां से चादर दक्षिणी गेट होते हुए मुख्य मकबरे के तहखाने में स्थित शाहजहां और मुमताज की कब्रों पर पेश की जाएगी। कमेटी के अध्यक्ष 82 वर्षीय हाजी ताहिरउद्दीन ताहिर ने बताया कि इस बार चादर पिछले साल से 82 मीटर लंबी है। वे पिछले 40 वर्षोंसे लगातार इस चादरपोशी की परंपरा से जुड़े हुए हैं।

अखिल भारत हिंदू महासभा ने किया विरोध

वहीं आगरा में ताजमहल पर शुरू होने वाले शाहजहां के उर्स से पहले अखिल भारत हिंदू महासभा ने इसका विरोध किया। महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कार्यालय पहुंचे, जहां पुतला दहन किया गया और जमकर नारेबाजी हुई।

प्रदर्शनकारियों ने उर्स आयोजन को रोकने की मांग करते हुए कहा कि ताजमहल शिवालय है और इस पर किसी भी प्रकार का उर्स नहीं होना चाहिए। उन्होंने ताजमहल को अपना बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी और इसे लेकर धर्मयुद्ध का ऐलान किया।

ताजमहल शिवमंदिर

अखिल भारत हिंदू महासभा की प्रदेश अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) मीना दिवाकर ने कहा कि उनकी संस्था उर्स का विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि ताजमहल शिवमंदिर है और इसे वे लेकर रहेंगे। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।

ये भी पढ़ें: ईडी के काम में दखल न डालें ममता सरकार: सुप्रीम कोर्ट

  • TAGS
  • [post_tags]