स्पोर्ट्स कोचिंग ले रहीं थी दोनों छात्राएं
Kerala News, (आज समाज), कोल्लम: केरल के कोल्लम स्पोर्ट्स अथॉरिटी आॅफ इंडिया (एसएआई) हॉस्टल में गुरुवार को दो नाबालिग स्पोर्ट्स ट्रेनी के शव कमरे में फंदे से लटके मिले। मृत लड़कियों की पहचान कोझिकोड जिले की सैंड्रा (17) और तिरुवनंतपुरम जिले की वैष्णवी (15) के रूप में हुई है। सैंड्रा एथलेटिक्स की ट्रेनी थी और 12वीं में पढ़ रही थी, जबकि वैष्णवी कबड्डी खिलाड़ी थी और क्लास 10वीं की छात्रा थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण अभी पता नहीं चला है। यह सुसाइड है या कोई दूसरी वजह, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद शव परिजन को सौंप दिए जाएंगे।
एक ही कमरे में लटके मिले दोनों के शव
घटना गुरुवार सुबह करीब पांच बजे सामने आई, जब हॉस्टल के बाकी साथी ट्रेनी स्पोर्ट्स प्लेयर्स ने देखा कि दोनों लड़कियां सुबह की ट्रेनिंग सेशन में नहीं आईं। दरवाजा बार-बार खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो हॉस्टल अधिकारी दरवाजा तोड़कर अंदर गए। वहां दोनों लड़कियां पंखों से लटकी मिलीं।
अलग कमरे में रहती थी वैष्णवी
पुलिस के अनुसार वैष्णवी अलग कमरे में रहती थी, लेकिन बुधवार रात वह सैंड्रा के कमरे में सोने आई थी। हॉस्टल की अन्य लड़कियों ने सुबह दोनों को देखा भी था। कोल्लम ईस्ट पुलिस अब जांच में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि हॉस्टल में रहने वाली अन्य खेल छात्राओं, उनके ट्रेनर्स और दोनों लड़कियों के परिजन के बयान दर्ज किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: ईडी के काम में दखल न डालें ममता सरकार: सुप्रीम कोर्ट


