बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात मोन्था ले सकता है भयानक तूफान का रूप
Montha Cyclone (आज समाज), नई दिल्ली : भारत के कुछ राज्यों के लिए आने वाले दो से तीन दिन मौसम के लिहाज से खतरनाक साबित हो सकते हैं। इसका कारण यह है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात मोन्था खतरनाक तूफान का रूप धारण कर सकता है और यह आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। भारतीय मौमस विभाग ने यह चेतावनी जारी की है कि यदि इस चक्रवात ने अपना रास्ता नहीं बदला तो यह कल यानि 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा के पास तट से टकरा सकता है। तूफान के दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इन तीन राज्यों को है ज्यादा खतरा
भारतीय मौसम विभाग ने इस दौरान आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, सेना को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आज रात तक डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा और 27 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवात मोन्था में बदल जाएगा। वहीं, चक्रवात मोन्था के खतरे को देखते हुए ओडिशा फायर विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है। विभाग ने बताया कि 27 से 29 अक्टूबर के बीच तूफान के असर की आशंका है। सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने कहा है कि वे पूरी तरह तैयार हैं। सभी पावर बोट, डइट, पावर कटर और पोर्टेबल लाइट्स तैयार रखी हैं ताकि अंधेरे में भी राहत और बचाव किया जा सके।बालासोर डीएम ने कहा कि चक्रवात के सदर इलाके में लैंडफॉल की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर तक यलो अलर्ट और 30 अक्टूबर को आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। सभी विभागों 24 घंटे एक्टिव हैं। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं गंजम में मोन्था को लेकर प्रशासन ने जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला कलेक्टर कीर्ति वासन वी ने सभी सरकारी कर्मचारियों को 30 अक्टूबर तक मुख्यालय में ही रहने के निर्देश दिए हैं।
इस तरह रहेगा मौसम
आंध्र प्रदेश: 27 से 28 अक्टूबर तक यनम और रायलसीमा के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। तूफान से निपटने के लिए आज राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा: 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। सबसे संवेदनशील जिलों में गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी शामिल हैं।
तमिलनाडु: राज्य में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। 26 से 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Breaking News : आसियान देश साझा मूल्यों की डोर से बंधे हुए : मोदी


