Monsoon Updates: महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल सहित कई राज्यों में रेड, आरेंज और येलो अलर्ट

0
146
Monsoon Updates
Monsoon Updates: महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल सहित कई राज्यों में रेड, आरेंज और येलो अलर्ट

Monsoon 2025 May 27 Updates, (आज समाज), नई दिल्ली:  देश के अधिकतर राज्यों में मानसून की व्यापक गतिविधि देखी जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल सहित कई राज्यों में रेड, आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया। इस दौरान भारी बारिश, आंधी, तेज हवाएं चलने और बाढ़ आने की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

दिल्ली में 30-31 मई के लिए येलो अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में 30-31 मई के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राजधानी में हल्की बारिश, आंधी और 30-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसी स्थिति 31 मई तक जारी रहने का अनुमान है। हालांकि तीव्रता थोड़ी कम होगी।

फिलहाल लू चलने की कोई संभावना नहीं

विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि दिन का तापमान सामान्य से कम रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है। ये मौसमी घटनाएँ पारे को नियंत्रित रखेंगी, इसलिए अधिकांश दिनों में दिन का तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है। महीने के बाकी दिनों में लू चलने की संभावना नहीं है।

मुंबई में आज तड़के बारिश होने से गर्मी से मिली राहत

मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार आज अलसुबह मुंबई में बारिश हुई, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली। आईएमडी ने मुंबई में पूरे सप्ताह बादल छाए रहने के बीच भारी से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस और 31.0 डिग्री रहने की उम्मीद है।

तटीय कर्नाटक :अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान, रेड अलर्ट

तटीय कर्नाटक में अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश (20 सेमी से अधिक) होने की उम्मीद के साथ पांच दिवसीय ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है। खासकर तटीय और मलनाड क्षेत्रों में चल रहे मानसून के कारण भूस्खलन, बाढ़, बिजली कटौती और सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं।

दीवार गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत

भारी बारिश के दौरान एक दीवार गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। बालूर गांव में एहतियात के तौर पर स्कूल और आंगनवाड़ी अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। दक्षिण कन्नड़ और उत्तर कन्नड़ में कई भूस्खलन और नदी के जल स्तर में तेज वृद्धि की सूचना मिली है। जिला प्रशासन ने निवासियों से संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा करने से बचने और घर के अंदर रहने का आग्रह किया है। आईएमडी ने 27-28 मई के लिए केरल के कई जिलों के लिए रेड, आॅरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं, जिसमें आंधी, बिजली गिरने और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है।

ये भी पढ़ें : Delhi Air Traffic: खराब मौसम के चलते एयरपोर्ट पर बदला 49 उड़ानों का मार्ग