Monsoon Live: उत्तर भारत में बारिश का सिलसिला जारी, अमरनाथ यात्रा एक हफ्ता पहले समाप्त

0
70
Monsoon Live
Monsoon Live: उत्तर भारत में बारिश का सिलसिला जारी, अमरनाथ यात्रा एक हफ्ता पहले समाप्त

Monsoon Havoc North India, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मानसून इन दिनों लगातार आफत बनी हुई है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगह भारी बारिश व भूस्खलन के चलते तबाही का सिलसिला जारी है। पवित्र अमरनाथ यात्रा के रास्ते में कई जगह सड़कें टूटने से स्थिति को देखते हुए एक हफ्ते पहले ही यात्रा को समाप्त करना पड़ा है।

हिमाचल : अब तक मृतक संख्या 100 से ज्यादा 

हिमाचल में इस मानसूनी बारिश के बाद भूस्खलन व बाढ़ संबंधित घटनाओं में अब तक मरने वाले लोगों की संख्या 100 से ज्यादा हो गई है। राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 387 सड़कें (387 roads) बंद कर दी गई हैं। इनमें से अकेले मंडी जिले में 187 सड़कें हैं जो आपदा की वजह से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सूबे में लगभग 250 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा तकरीबन 747 विद्युत वितरण ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा हैं।

अमरनाथ : 4.10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश व भूस्खलन की वजह से अमरनाथ जाने वाले पहलगाम और बालटाल दोनों रूटों पर खासा नुकसान हुआ है जिसके चलते यात्रा को समय से पहले समाप्त करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष 4.10 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं।

रक्षा बंधन के दिन 9 अगस्त को समाप्त होनी थी यात्रा

कई जगह मार्ग बाधित होने के कारण पहले ही मरम्मत के मकसद से आज से यात्रा को स्थगित करने का ऐलान कर दिया गया था। इसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई जिसके कारण यात्रा पूरी तरह रद कर दी गई है। वैसे यात्रा रक्षा बंधन के दिन 9 अगस्त को समाप्त होने वाली थी।

पंजाब, राजस्थान व एमपी के बाढ़ प्रभावति इलाकों में सेना तैनात

पंजाब व हरियाणा में भी लगातार बारिश हो रही है। हरियाणा में हालांकि जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति लगभग किसी जगह नहीं है। वहीं पंजाब के कुछ इलाकों में बाढ़ के हालात हैं और बचाव एवं राहत में सेना जुटी हुई है। राज्य के सिहोर व ईसागढ़ क्षेत्र में सेना की टुकड़ी लगाई गई है। वहीं राजस्थान के बाढ़ प्रभावित धौलपुर में सेना को लगाया गया है। उधर मध्यप्रदेश के गुना में भी सेना तैनात की गई हैै। कई लोगों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है।

उत्तराखंड : पन बिजली परियोजना पर हुआ भुस्खलन

उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलंग के पास टीएचडीसी विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना पर लैंडस्लाइड हुआ है जिसके कारण 12 मजदूर घायल हो गए हैं। जिला अधिकारी के मुताबिक जब घटना हुई उस समय लगभग 300 मजदूर काम कर रहे थे। पहाड़ से पत्थर गिरते देख अधिकर श्रमिक सुरक्षित जगह भाग गए। लेकिन 12 मजदूर भूस्खलन की चपेट में आ गए।

ये भी पढ़ें : Rajasthan Monsoon: जुलाई में 285 एमएम बारिश, टूटा 69 साल का रिकॉर्ड