
- मणिपुर : 5 दिन में भूस्खलन की 93 घटनाएं हुईं
- समूचे पूर्वोत्तर में अब तक 38 लोगों की मौत हुई
Manipur Updated Weather, (आज समाज), इंफाल: इंफाल: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण 10 हजार से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 56,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक नदियां उफान पर हैं और कई जगह तटबंध टूटने से आई बाढ़ के चलते हजारों लोग बेघर हुए हैं। पिछले पांच दिन में समूचे सूबे भूस्खलन की 93 घटनाएं हुई हैं। समूचे पूर्वोत्तर में बर्षाजनित हादसों में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रभावित क्षेत्रों से 2900 से ज्यादा लोग निकाले
बयान के अनुसार 10,470 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है और 56,516 लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें कहा गया है कि सोमवार को इंफाल पूर्वी जिले में नदी में बह जाने के बाद एक व्यक्ति लापता हो गया, जबकि प्रभावित क्षेत्रों से 2,913 लोगों को निकाला गया है।
प्रभावितों के लिए खोले 57 राहत शिविर
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कोंगबा नदी के तटबंध टूटने के बाद इंफाल पूर्वी जिले के बाशिखोंग में तटबंध टूटने की एक और घटना हुई है। प्रभावित लोगों के लिए कम से कम 57 राहत शिविर खोले गए हैं, जिनमें से अधिकतर इंफाल पूर्वी जिले में हैं, जो राज्य में बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिला है। राज्य की राजधानी इंफाल के कई इलाके और इंफाल पूर्वी जिले के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं, क्योंकि उफनती नदी ने खुरई, हिंगांग और चेकोन क्षेत्रों में तटबंध तोड़ दिए हैं।
जानिए किन राज्यों में कितनी मौतें
बीते कुछ दिन से पूर्वोत्तर के सभी राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार हो रही भारी बारिश व बाढ़ के बाद संबधित घटनाओं में अब तक मारे गए लोगों की संख्या 38 हो गई है। इनमें से 11 मौतें असम में, नौ अरुणाचल प्रदेश में, छह-छह मेघालय और मिजोरम में, तीन सिक्किम में, दो त्रिपुरा में और एक नागालैंड में हुई है। लगातार भारी बारिश के कारण पूरा क्षेत्र बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित है।
यह भी पढ़ें : Northeast Weather: पूर्वोत्तर में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से 28 लोगों की मौत