कटे हुए आलू नहीं पड़ेंगे काले, अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

0
161
कटे हुए आलू कुछ ही देर में काले पड़ने लगते हैं. ठंडे पानी, नींबू या सिरके, नमक वाले पानी और फ्रिज में सही तरीके से स्टोर करने से आलू लंबे समय तक सफेद और ताजे रह सकते हैं.

आलू को यूं ही सब्जियों का राजा नहीं कहा जाता. रसेदार सब्जी से लेकर फ्रेंच फ्राइज और गरमा-गरम आलू के पराठों तक, इसका स्वाद लगभग हर किसी को पसंद आता है. लेकिन खाना बनाने की तैयारी में पहले से आलू छीलकर काटकर रखने पर एक आम समस्या सामने आती है. कुछ ही देर में कटे हुए आलू काले या भूरे पड़ने लगते हैं, जिससे पूरी डिश की रंगत खराब हो जाती है.

दरअसल, कटे हुए आलू जब हवा के संपर्क में आते हैं, तो उनमें मौजूद तत्व ऑक्सीडाइज होने लगते हैं और उनका रंग बदल जाता है. हालांकि, कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से इस समस्या से बचा जा सकता है.

ठंडे पानी में रखें कटे आलू

कटे हुए आलू को काला होने से बचाने का सबसे आसान तरीका है उन्हें तुरंत ठंडे पानी में डाल देना. एक बड़े बर्तन में इतना पानी लें कि आलू पूरी तरह उसमें डूब जाएं. पानी में डूबे रहने से आलू का हवा के साथ सीधा संपर्क कम हो जाता है और उनका रंग लंबे समय तक सफेद बना रहता है.

नींबू या सिरके का करें इस्तेमाल

अगर आलू को कुछ ज्यादा समय तक ताजा रखना है, तो ठंडे पानी में 1 चम्मच नींबू का रस या सफेद सिरका मिला सकते हैं. नींबू और सिरके में मौजूद हल्का एसिड ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करता है.

नमक वाला पानी भी है कारगर

घर में नींबू या सिरका उपलब्ध नहीं है, तो नमक का इस्तेमाल करें. पानी में करीब आधा चम्मच नमक घोलकर उसमें कटे हुए आलू डाल दें. इससे आलू का रंग बदलने की प्रक्रिया धीमी हो सकती है. पकाने से पहले उन्हें साफ पानी से धो लेना बेहतर रहेगा.

फ्रिज में ऐसे रखें आलू

अगर सुबह की भागदौड़ से बचने के लिए रात में ही आलू काटकर रखने हैं, तो उन्हें पानी से भरे एयरटाइट कंटेनर में डालकर फ्रिज में रखें. आलू को बिना पानी के खुला फ्रिज में रखने से वे सूख सकते हैं और उनका रंग भी बदल सकता है.