Operation Sindoor Anniversary: पीएम ने किया ‘सेना के शौर्य व साहस को नमन

0
283
Operation Sindoor Anniversary
Operation Sindoor Anniversary: पीएम मोदी ने किया 'सेना के शौर्य व साहस को नमन

Operation Sindoor Anniversary, (आज समाज), नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए बर्बर आतंकी हमले के प्रतिशोध में भारतीय सशत्र बलों द्वारा 7 मई 2025 को चलाए गए ‘आपरेशन सिंदूर’ का गुरुवार को एक वर्ष पूरा हो गया और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। आतंकियों ने हमले में 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए भारत ने 7 मई 2025 को  पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी गतिविधियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर (सैन्य कार्रवाई) शुरू करने की घोषणा की थी। इस ऑपरेशन में 100 से ज़्यादा आतंकवादी मारे गए थे।

प्रधानमंत्री ने अपनी डिस्प्ले पिक्चर भी बदली

प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का एक साल पूरा होने पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर भी बदली है। अब इस तस्वीर का बैकग्राउंड काला है, जिस पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शब्द और उसके ऊपर राष्ट्रीय ध्वज बना हुआ है। सिर्फ़ PM मोदी ही नहीं, बल्कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर और तीनों सेनाओं – थल सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रमुखों ने भी एक्स पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर बदल ली है।

प्रधानमंत्री ने एक संदेश भी साझा किया

प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर एक संदेश भी साझा किया और सटीक हमलों के लिए सशस्त्र बलों की जमकर तारीफ़ की। पीएम ने एक्स पर लिखा, भारतीय सेनाओं ने उन लोगों को करारा जवाब दिया, जिन्होंने पहलगाम में बेकसूर भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत की थी। पूरा देश हमारे बलों की बहादुरी को सलाम करता है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की मज़बूत प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति उसके अटूट संकल्प को दर्शाया है। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प को भी दोहराया और लिखा, आतंकवाद को हराने और उसे बढ़ावा देने वाले पूरे तंत्र को खत्म करने के अपने संकल्प पर हम पहले की तरह ही अडिग हैं।

भारत किसी को माफ़ नहीं करता : एयरफोर्स 

वायु सेना ने भी एक क्लिप शेयर की, जिसमें दिखाया गया है कि पिछले साल जब संघर्ष बढ़ा था तो भारत ने कैसे आतंकी ठिकानों और पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठानों को पंगु बना दिया था। एक ट्वीट में एयरफोर्स ने लिखा, ऑपरेशन सिंदूर, न्याय मिला। कार्रवाई में सटीक, यादों में अमर—ऑपरेशन सिंदूर जारी है। भारत कुछ नहीं भूलता—भारत किसी को माफ़ नहीं करता।

यह भी पढ़ें : Operation Sindoor: पाकिस्तान सीमा से लगे चार राज्यों में कल मॉक ड्रिल

  • TAGS
  • [post_tags]