New Delhi BRICS Summit, (आज समाज), नई दिल्ली: ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बीजिंग में मुलाकात के बीच भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की अध्यक्षता में नई दिल्ली में गुरुवार को ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक शुरू हुई। दो दिन के इस सम्मेलन में अपने शुरुआती भाषण में जयशंकर ने कहा, हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जब अंतरराष्ट्रीय संबंधों में काफी उथल-पुथल मची हुई है। उन्होंने वैश्विक संकटों से निपटने के लिए व्यावहारिक सहयोग को जरूरी बताया।
भारत की मेजबानी में हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन
भारत की मेजबानी में हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन इसलिए भी ज्यादा अहम हो गया, क्योंकि यह प्रभावशाली समूह पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक नतीजों से जूझ रहा है- खासकर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग की वजह से ऊर्जा आपूर्ति में आई भारी रुकावटों से खासा असर पड़ा है। जयशंकर ने कहा, चल रहे संघर्ष, आर्थिक अनिश्चितताएं और व्यापार, तकनीक व जलवायु से जुड़ी चुनौतियां ग्लोबल सिनेरियो में बदलाव ला रही हैं, इसलिए इस तरह की समस्यों से निपटने के लिए व्यावहारिक सहयोग को जरूरी है।
व्यावहारिक तरीके खोजें ब्रिक्स देश
विदेश मंत्री ने ब्रिक्स सहयोगियों से गुजारिश की कि वे भू-राजनीतिक उथल-पुथल और व्यापार में रुकावटों के नतीजों से बेहतर ढंग से निपटने के लिए व्यावहारिक तरीके खोजें। इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक संघर्षों को सुलझाने में बातचीत और कूटनीति की अहमियत पर भी जोर दिया। ईरान, रूस, ब्राजील और अन्य सदस्य देशों के विदेश मंत्री बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। जयशंकर ने कहा कि खासकर उभरते बाजारों और विकासशील देशों से यह उम्मीद बढ़ रही है कि ब्रिक्स मौजूदा चुनौतियों से निपटने में एक रचनात्मक और स्थिर भूमिका निभाएगा।
वैश्विक व्यवस्था के लिए केंद्रीय बने हैं शांति और सुरक्षा
उन्होंने कहा, शांति और सुरक्षा वैश्विक व्यवस्था के लिए केंद्रीय बने हुए हैं। विदेश मंत्रभ् ने कहा, हाल के संघर्ष केवल बातचीत और कूटनीतिक अहमियत पर ही जोर देते हैं। आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को मजबूत करने में भी हमारी गहरी साझा रुचि है। जयशंकर ने आर्थिक लचीलापन को भी बहुत जरूरी बताया है। उन्होंने कहा, भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाएं और कई तरह के बाजार इसके जरूरी हिस्से हैं और हमें दोनों पर ध्यान देना चाहिए।
ईरानी विदेश मंत्री अराघची भी पहुंचे हैं दिल्ली
ब्रिक्स की बैठक में शामिल होने के लिए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी दिल्ली पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में ईरान युद्ध का साया पड़ने की संभावना है और यह बैठक ठीक उसी समय हो रही है जब डोनाल्ड ट्रंप चीन की राजकीय यात्रा पर हैं। अहम बात है कि यह बैठक 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले आयोजित की जा रही है, जिसकी मेजबानी नई दिल्ली सितंबर में करेगी।
ये भी पढ़ें : Donald Trump: राष्ट्रपति शी के 24 सितंबर के आसपास अमेरिका आने की उम्मीद : ट्रंप


