Karnataka Government, (आज समाज), बेंगलुरु: कर्नाटक की शिवकुमार सरकार के सत्तासीन होने के कुछ ही दिन बाद उसके अंदर दरार पड़ती नजर आ रही है। विभाग बंटवारे से नाखुश सीनियर कांग्रेस नेता और मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने शुक्रवार को डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है पसंदीदा विभाग न मिलने से वे नाराज थे इसलिए उन्होंने त्यागपत्र दिया है।
रेड्डी को दिया गया था जल संसाधन विभाग
कैबिनेट में फेरबदल के दौरान रेड्डी को जल संसाधन विभाग दिया गया था। इस्तीफ़ा देने के बाद रेड्डी ने बेंगलुरु में कहा, मंत्री पद से उन्होंने इसलिए इस्तीफ़ा दिया क्योंकि वे अपनी अंतरात्मा के ख़िलाफ़ काम नहीं कर सकते थे। उन्हें बेंगलुरु विकास विभाग देने का वादा किया गया था, जो उन्हें नहीं मिला। रेड्डी ने कहा, मैं विधायक बना रहूंगा और कांग्रेस से इस्तीफ़ा नहीं दूंगा। उन्होंने कहा, मुझसे बेंगलुरु विकास विभाग देने का वादा किया गया था और मैं अपनी अंतरात्मा के ख़िलाफ़ काम नहीं कर सकता, इसलिए मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे रहा हूं।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर रात 13 मंत्रियों को विभाग आवंटित किए
सीनियर कांग्रेस नेता ने कहा, मैं कब तक यह अपमान सह सकता हूं और मेरे पास और क्या विकल्प थे? बता दें कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा गुरुवार देर रात अपने 13 मंत्रियों को विभाग आवंटित करने के एक दिन बाद हुआ है। सूत्रों का कहना है कि रेड्डी बेंगलुरु विकास विभाग पाने पर अड़े हुए थे और इसके बजाय जल संसाधन विभाग मिलने से नाराज़ थे। बताया जाता है कि मंत्रियों की ज़िम्मेदारियां तय करने के लिए गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक से भी यह सीनियर नेता बाहर चले गए थे।
कांग्रेस सरकार के भीतर नई राजनीतिक हलचल मचने की संभावना
रेड्डी ने बैठक के दौरान कथित तौर पर मुख्यमंत्री को 2023 में दिए गए उस आश्वासन की याद दिलाई कि जब भी कैबिनेट में फेरबदल होगा, उन्हें बेंगलुरु विकास विभाग का प्रभार दिया जाएगा। रामलिंगा रेड्डी के मंत्री पद से इस्तीफ़े से सत्ताधारी कांग्रेस सरकार के भीतर नई राजनीतिक हलचल मचने की संभावना है, जो पहले से ही विभागों के बंटवारे को लेकर आंतरिक असंतोष से जूझ रही है।


