- इंडियन आर्मी ने गठित की हैं 15 बटालियनें
- करीब 25 बटालियनें गठित करने का प्लान
Indian Army created Bhairav Force, (आज समाज), नई दिल्ली: चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर अब भारतीय सेना के ‘भैरव’ कमांडो छुश्मन के छक्के छुड़ाएंगे। दरअसल, सेना मुख्यालय ने वैश्विक और अपने संघर्षों से सबक लिया है और इसे ध्यान में रखते हुए सेना ने नवीनतम स्पेशल फोर्स भैरव गठित की है।
केंद्र सरकार रक्षा बलों के पुनर्गठन पर जोर
गौरतलब है कि ‘आपरेशन सिंदूर’ के बाद केंद्र सरकार (central government) रक्षा बलों के पुनर्गठन पर जोर दे रही है और सेना ने इसी के तहत पूरे बल में एक लाख से ज्यादा ड्रोन आपरेटिव्स का एक पूल भी बनाया है जो यह अब तक के सबसे बड़े बदलावों में से एक है। वहीं नवीनतम स्पेशल फोर्स ‘भैरव लाइट कमांडो’ को आधुनिक युद्ध की चुनौतियों से निपटने के मकसद से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
आपरेटिव ड्रोन को संभालने में सक्षम
भैरव फोर्स में शामिल सभी आपरेटिव ड्रोन को संभालने में सक्षम हैं और दुश्मन के इलाके के अंदर ठिकानों व फॉर्मेशन को निशाना बनाने के लिए वास्तविक आपरेशन में उनका इस्तेमाल करते हैं। भैरव बटालियनों के लिए जवानों को इन्फैंट्री रेजिमेंट से चुना गया है और इन्हें आधुनिक युद्ध की जरूरतों के हिसाब से विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
खाई को भी पाटेंगी भैरव बटालियनें
भारतीय सेना ने पहले ही ऐसी लगभग 15 बटालियनें गठित कर ली हैं, और उन्हें दोनों सीमाओं पर अलग-अलग फॉर्मेशन में तैनात किया गया है। निकट भविष्य में सेना की कुल मिलाकर लगभग 25 भैरव बटालियनें गठित करने की योजना है। ये पैरा स्पेशल फोर्सेज और नियमित इन्फैंट्री बटालियनों के बीच की खाई को भी पाटेंगी। भैरव को सामरिक से लेकर परिचालन गहराई तक विशेष अभियान चलाने का भी काम सौंपा जाएगा।
चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक से लैस होना जरूरी
2 भैरव बटालियन के कमांडिंग आॅफिसर ने बताया कि आधुनिक युद्ध बहुत तेजी से बदल रहा है। आज के संघर्ष हाइब्रिड प्रकृति के हैं, और चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक से पूरी तरह लैस होना जरूरी है। उन्होंने कहा, मैं भारतीय सेना की दक्षिणी कमान की डेजर्ट भैरव बटालियन का कमांडिंग आॅफिसर हूं। रेगिस्तान की अपनी चुनौतियां होती हैं, जहां खास स्किल्स, सहनशक्ति और टेक्नोलॉजी का सही तरीके से इस्तेमाल करना होता है। इसीलिए भैरव को एक टेक्नोलॉजी-ड्रिवन सिस्टम के तौर पर बनाया गया है जो स्वतंत्र रूप से काम कर सकता है और भविष्य में मल्टी-डोमेन आॅपरेशन कर सकता है।
रेगिस्तानी सेक्टर में हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार
कमांडिंग आॅफिसर ने कहा, डेजर्ट भैरव बटालियन को ‘सन्स आॅफ द सॉइल’ के कॉन्सेप्ट पर बनाया गया है, क्योंकि ज्यादातर सैनिक राजस्थान के हैं जो इलाके, भाषा, मौसम और क्षेत्र को समझते हैं। बटालियन को राजंघन की बहादुरी और वीरता की विरासत पर बनाया गया है, और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम रेगिस्तानी सेक्टर में किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।
ये भी पढ़ें : Indian Army: दुश्मन की अब खैर नहीं, अमेरिका से 73 हजार बंदूकें खरीद रहा भारत


