देश के 19 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी
Heatwave Alert, (आज समाज), नई दिल्ली: हरियाणा-पंजाब सहित उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत इन दिनों भीषण गर्मी के कारण तप रहा है। देश के कई हिस्सों में एक और जहां गर्मी खतरनाक रूप लेती जा रही है, वहीं कुछ राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक हरियाणा और चंडीगढ़ में लगभग इस पूरे सप्ताह हीटवेव यानी लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब में 25 मई तक लू का अलर्ट जारी किया।
दिल्ली, यूपी, एमपी भी गर्मी से बेहाल
दिल्ली, राजस्थान, यूपी व मध्य प्रदेश भी गर्मी से बेहाल हैं। अगले कई दिन तक इन राज्यों में लू और गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी है। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान के सूरतगढ़ में मंगलवार को बीते 24 घंटे में देश का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के भी कुछ हिस्सों में भी लू चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
19 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने ओडिशा, उत्तराखंड, बिहार, और झारखंड सहित 19 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 70 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। उत्तर-पूर्व के साथ-साथ उससे सटे पूर्वी भारत में भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें: Suvendu Adhikari: वोटर लिस्ट से डिटेक्शन और डिलीशन का काम पूरा, डिपोर्टेशन जल्द


