Ghaziabad Breaking, (आज समाज), लखनऊ: देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शनिवार अलसुबह एयर कंडीशनर (एसी) सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। हादसे में 80 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई और कई गाड़ियां जलकर राख हो गई हैं। आग इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। कंप्रेसरों व गैस सिलेंडरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकल आए। बुजुर्ग की मौत दम घुटने से हुई है।
शनिवार अलसुबह की घटना
रिपोर्टों के अनुसार शनिवार अलसुबह लगभग 3 बजकर 5 मिनट पर दमकल को पटेल नगर स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 में एसी सर्विस सेंटर में आग की घटना की सूचना मिली। अधिकारियों के अनुसार आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना हो गईं। जब दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंची तो तीन मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी।
कंप्रेसर व सिलेंडर में लगातार होते रहे धमाके
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इमारत के अंदर बड़ी संख्या में कंप्रेसर व एसी गैस सिलेंडर रखे थे और उनमें बिना रुके धमाके हो रहे थे। इसी वजह से आग बहुत तेजी से फैली। धुएं का गुबार दूर तक दिख रहा था। जहां घटना हुई, वहां घनी आबादी है जिस कारण आसपास के घरों तक आग फैलने का खतरा था।
अतिरिक्त गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी इस दौरान मौजूद रहे और उनकी अगुवाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। दमकल विभाग के कर्मचारियों 4 हौज पाइप फैलाकर आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। स्थिति को देखते हुए साहिबाबाद, मोदीनगर और वैशाली दमकल विभाग के स्टेशन से भी अतिरिक्त गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। कुल आठ दमकल वाहन ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके।
ये भी पढ़ें : Norovirus Infection: वायरस की चपेट में आए कैरिबियन प्रिंसेस क्रूज शिप पर सवार 115 लोग


