Father throw daughter into canal: (आज समाज), रतिया: फतेहाबाद स्थित रतिया के खूनन गांव से बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बेटा न होने से परेशान एक पिता ने अपनी 5 साल की बेटी को नहर में फेंक दिया। इसके बाद, उसने इस घटना की जानकारी घर जाकर अपनी पत्नी को दी। बताया जा रहा है कि पिता गुरप्रीत मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
बच्ची का अभी तक नहीं चला पता
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता के घर में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घरवालों और ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बच्ची की खोज शुरू की गई, लेकिन उसका अभी तक कोई पता नहीं चला है।
तीसरी बेटी के जन्म से मानसिक स्थिति बिगड़ी
ग्रामीणों ने बताया कि गुरप्रीत की तीन बेटियां थी जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है। तीसरी बेटी के जन्म के बाद गुरप्रीत सिंह मानसिक तनाव से ग्रस्त हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते गुरप्रीत ने यह कदम उठाया है।
स्कूल से बेटी को उठाया और नहर में फेंका
पीड़ित बच्ची गुरुनिवास कौर रॉयल पब्लिक स्कूल बहबलपुर में पढ़ती थी। गुरप्रीत सुबह बाइक से अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा और उसे रोझवाली के पुल से भाखड़ा नहर में फेंक दिया। इसके बाद, वहां से घर पहुंचकर अपनी पत्नी को पूरे मामले की जानकारी दी।
गोतोखोरों की टीम कर रही तलाश
सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि मानसिक तनाव से ग्रस्त एक व्यक्ति द्वारा अपनी 5 वर्षीय बच्ची को नहर में फेंकने की सूचना सामने आई थी। इसके बाद, बच्ची की तलाश शुरू की गई है। हिसार से भी गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि गुरप्रीत सिंह खेतीबाड़ी का काम करता है और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। परिजनों के अनुसार उसका हिसार से मानसिक बीमारी का उपचार भी चल रहा है।


