Rohtak News: पैसों के लेनदेन में जींद की महिला की रोहतक में हत्या

0
106
Rohtak News: पैसों के लेनदेन में जींद की महिला की रोहतक में हत्या
Rohtak News: पैसों के लेनदेन में जींद की महिला की रोहतक में हत्या

रोहतक रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म दो पर गोली मारकर उतारा मौत के घाट
Rohtak News (आज समाज) रोहतक: पैसों के लेनदेन में जींद की रहने वाली महिला की रोहतक में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली रोहतक के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर मारी गई। घटना शुक्रवार रात 7:50 की है। गोली लगने से महिला प्लेटफार्म पर ही गिर गई। सूचना पाकर पुलिस जीआरपी और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।

वहीं, महिला को इलाज के लिए पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका महिला की पहचान जींद जिले के जुलाना निवासी पिंकी पत्नी राममेहर के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान रिटायर्ड फौजी वजीर सिंह निवासी लिजवाना खुर्द के रूप में हुई। जीआरपी एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

आरोपी ने महिला के बेटे को नौकरी लगवाने के नाम पर लिए 12 लाख रुपए

मृतका के पति राममेहर के अनुसार आरोपी वजीर सिंह ने उसके बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 12 लाख रुपए ले रखे थे। लेकिन न तो उसके बेटे लक्ष्य को नौकरी दिलवाई और न ही उसके पैसे वापस किए। आरोपी वजीर सिंह पहले भी उसकी पत्नी पिंकी को परेशान करता था, जिस बारे में पंचायत भी हुई थी, जिसमें समझौता हो गया था।

स्टेशन पर खड़े यात्रियों को कहा आगे से हट जाओ

नशे में धुत आरोपी वजीर सिंह ने गोली मारने से पहले वहां खड़े यात्रियों से कहा कि आगे से हट जाओ, मैं गोली मार रहा हूं। इसके बाद महिला को गोली मार दी। महिला को गोली मारने के बाद आरोपी मौके पर ही काफी देर तक खड़ा रहा। इसके बाद एक ट्रेन आई, जिसमें वह चढ़ गया। फिर यात्रियों के कहने पर आरपीएफ टीम ने उसे ट्रेन से पकड़ा और बंदूक को कब्जे में लिया।

महिला और आरोपी एक ही कंपनी में करते थे काम

प्लेटफार्म पर गोली मारने वाला आरोपी वजीर सिंह और महिला पिंकी एक दूसरे को जानते है। आरोपी वजीर सिंह फौज से रिटायर होने के बाद हिसार बाईपास पर स्थित कंपनी में नौकरी कर रहा है तो महिला पिंकी भी उसी कंपनी में नौकरी करती है। दोनों रोजाना की तरह ही घर जाने के लिए प्लेटफार्म पर पहुंचे और अचानक गोली मार दी।

ये भी पढ़ें : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के 4 और गाने बैन

ये भी पढ़ें : हरियाणा सीईटी एग्जाम में लागू होगा नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूला