Jind News(आज समाज) जींद। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार के फैसले साफ दर्शाते हंै कि सरकार का इरादा किसानी खत्म करना है। भाजपा सरकार अगर किसानों की हितैषी होती तो बिना देरी बाढ़ और जलभराव पीडि़तों को मुआवजा जारी करती लेकिन सरकार तो किसानों को कमजोर करने के लिए नई-नई योजना बनाने में व्यस्त है। अजय चौटाला ने कहा कि जीएसटी राहत के झूठे गुणगान में लगी भाजपा सरकार ये बताए कि पिछले आठ सालों में जनता से कितना जीएसटी वसूला। उसका रिकॉर्ड सांझा करें।
जेजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक
जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला रविवार को जींद में जेजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की कमर तोडऩे का काम कर रही है। सरकार के पास किसानों को राहत पहुंचाने की कोई योजना नही है। अब भाजपा सरकार किसानों से विकास शुल्क वसूलने की तैयारी में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी मजबूत कार्यकर्ताओं की फौज है। भाजपा सरकार की खराब नीतियों से आज प्रदेश का जन-जन परेशान है।
जनहित में प्रदेश में बदलाव लाने के लिए जेजेपी का एक-एक मेहनती कार्यकर्ता अभी से संघर्ष में जुट जाए और जेजेपी कार्यकर्ताओं का संघर्ष ही आने वाले समय में जरूर परिवर्तन लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में निरंतर भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी बढ़ी है।
गांव-गांव जाकर लोगों को जेजेपी से जोडऩे का आह्वान
इसलिए जनविरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ सभी एकजुट होकर बदलाव लाएं। बैठक में जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला और जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बृज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को जेजेपी से जोडऩे का आह्वान किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जिला प्रधान जोरा सिंह डूमरखां, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, कृष्ण राठी, सुनील कंडेला, विकास सिहाग, गुरदीप सांगवान, विकास जांगड़ा, सुनीता ढुल, वीरेंद्र सहित अनेक जेजेपी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढे : Jind News : 1965 भारत-पाक युद्ध के वीर सेनानियों का किया सम्मान समारोह