Indigo Flight Crisis : फ्लाइट संकट के बीच गिरे इंडिगो के शेयर

0
61
Indigo Flight Crisis : फ्लाइट संकट के बीच गिरे इंडिगो के शेयर
Indigo Flight Crisis : फ्लाइट संकट के बीच गिरे इंडिगो के शेयर

चार दिन में सात प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट, आने वाले दिनों में हो सकता है और भी ज्यादा बुरा हाल

Indigo Flight Crisis (आज समाज), बिजनेस डेस्क : इन दिनों देश का हवाई यातायात लगभग पूरी तरह से डगमगाया हुआ है। इसका एक ही कारण है और वह है देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो में चल रही समस्या। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इंडिगो की फ्लाइट्स में अचानक किस कारण समस्याएं पैदा हो गई। लेकिन यह साफ है कि इसकी समस्या के चलते न केवल भारत बल्कि विदेशों में जाने वाली फ्लाइट भी दिक्कत में चल रहीं है।

ज्यादात्तर उड़ानें या तो देरी से चल रहीं हैं या फिर इन्हें रद कर दिया जा रहा है। देश में जारी विमानन संकट के बीच इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में पिछले चार दिनों में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। यह गिरावट एयरलाइन के संकटग्रस्त होने के बाद आई है। एयरलाइन ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कर दी हैं, जिससे हजारों यात्री कई घंटों तक फंसे रहे।

शुक्रवार को इस तरह रही शेयर की हालत

पिछले चार कारोबारी दिनों में बीएसई पर इस शेयर में 7.23 प्रतिशत की गिरावट आई है। शुक्रवार को यह शेयर 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,371.30 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 3.15 प्रतिशत गिरकर 5,266 रुपये पर बंद हुआ। एनएसई पर कंपनी के शेयर 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,367.50 रुपये पर बंद हुए। पिछले चार दिनों में शेयर में 7.30 प्रतिशत की गिरावट आई है।1 दिसंबर से अब तक कंपनी का बाजार मूल्यांकन 16,190.64 करोड़ रुपये घटकर 2,07,649.14 करोड़ रुपये रह गया है।

इंडिगो के पास है 434 विमानों का बेड़ा

एयरलाइन के पास 434 विमानों का बेड़ा है। इसने 920 से अधिक नए विमानों का आॅर्डर भी दे रखा है। इंडिगो हर दिन 2,200 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। 3.2 लाख से अधिक यात्रियों को हवाई सफर करवाती है। यह 128 गंतव्यों के लिए अपनी सेवाएं देती है। वित्त वर्ष 2025 के लिए एयरलाइन का राजस्व लगभग 80,803 करोड़ रुपये रहा। नवंबर 2024 से इंडिगो ने हर महीने लगातार एक करोड़ से अधिक यात्रियों को हवाई सफर कराया है। वित्त वर्ष 2025 में कुल 11.9 करोड़ यात्रियों ने इंडिगो से सफर किया, जो पिछले साल के मुकाबले 12.5% अधिक है।