IndiGo: तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो के विमान की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

0
79
IndiGo
IndiGo: तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो के विमान की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

IndiGo Flight Emergency Landing,  (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी है। एक सूत्र ने बताया कि घटना बुधवार रात की है। उड़ान संख्या 6E 6271 का संचालन कर रहा विमान A320 नियो दिल्ली से गोवा जा रहा था और इस बीच रास्ते में उसका इंजन फेल हो गया जिसके कारण उसे मुंबई की ओर मोड़ दिया गया था। बाद में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में विमान की आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई।

इंडिगो के एक प्रवक्ता का बयान 

इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को दिल्ली से गोवा के मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरते समय विमान संख्या 6ए 6271 में तकनीकी खराबी सामने आई। एयरलाइन के अनुसार, जैसे ही टेक्निीकल फॉल्ट का पता चला, विमान को डायवर्ट करके मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की की ओर मोड़ दिया गया। इसके बाद उसकी वहां आपात लैंडिंग हुई।

वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई

एयरलाइंस के प्रवक्ता के मुताबिक हालांकि परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान की आवश्यक जांच और रखरखाव किया गया। लोगों की यात्रा पूरी करने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। एयरलाइन ने विमान में सवार लोगों की संख्या या खराबी की प्रकृति के बारे में जानकारी नहीं दी।

ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद : प्रवक्ता 

इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हमारे ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। उन्होंने कहा, इंडिगो में, ग्राहकों, चालक दल और विमान की सुरक्षा सर्वोपरि है। मुंबई हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार रात 9.52 बजे विमान के उतरने के बाद यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और टर्मिनल पर कर्मचारियों ने उनकी सहायता की।

ये भी पढ़ें : Nepal News: 12 भारतीयों को लेकर आपात स्थिति में उतरा सीता एयरलाइंस का विमान