Business News : एशिया में भारत निवेशकों का सबसे पंसदीदा शेयर बाजार बना

0
79
Business News : एशिया में भारत निवेशकों का सबसे पंसदीदा शेयर बाजार बना
Business News : एशिया में भारत निवेशकों का सबसे पंसदीदा शेयर बाजार बना

42 फीसदी फंड प्रबंधकों ने जापान के मुकाबले भारत को दी प्राथमिकता

Business News (आज समाज), बिजनेस डेस्क : एक तरफ जहां भारत तेजी से विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की तरफ तेजी से अग्रसर है वहीं अपने खाते में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए भारत एशिया में सबसे पंसदीदा शेयर बाजार बन गया है। इस सूची में भारतीय शेयर बाजार ने जापान को पीछे छोड़ा है। यह पुष्टि किसी भारतीय सर्वे में नहीं हुई बल्कि बैंक आॅफ अमेरिका (बोफा) के ताजा सर्वे में हुई है। इस सर्वे की जारी रिपोर्ट के अनुसार, 42 फीसदी फंड प्रबंधकों ने भारत को एशिया में निवेश के लिए सबसे बेहतर माना है। 39 फीसदी के साथ जापान दूसरे, 6 फीसदी के साथ चीन तीसरे और तीन फीसदी के साथ सिंगापुर चौथे स्थान पर रहा।

सर्वे में 208 पैनलिस्ट्स हुए शामिल

इससे पहले फरवरी में भारत दूसरा सबसे कम पसंदीदा शेयर बाजार रहा था। सर्वे के मुताबिक, टैरिफ के असर के बाद भारत को वैश्विक आपूर्ति शृंखला में परिवर्तन का सबसे बड़ा फायदा हो सकता है। सर्वे में 208 पैनलिस्ट्स शामिल थे। इनके पास कुल 522 अरब डॉलर की संपत्ति है।

इधर भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख जारी

गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर से बड़ी तेजी का दौर दिखाई दिया। 30 शेयर वाले सेंसेक्स के 29 शेयरों में तेजी रिकॉर्ड की गई और दिन का कारोबार समाप्त होने के समय यह लगभग 1200 अंक की तेजी के साथ 82,530 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 395 अंक की तेजी दिखाई दी और यह दिन के अंत में 25 हजार का आंकड़ा पार करते हुए 25,062 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को शेयर बाजार में तेजी के पीछे निवेशकों की चौतरफा खरीदारी बताई जा रही है। वहीं इसके साथ भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की खरीदारी भी तेजी के पीछे की एक मुख्य वजह बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें : Business News Hindi : निर्यात से ज्यादा आयात पर निर्भर रहा हमारा देश