आने वाले दिनों में और अधिक बढ़ेगी गर्मी
(आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। प्रदेश के अधिकतर जिलों का पारा 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ेका कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी और बढ़ेंगी। वहीं मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया हुआ है। हीटवेव के चलते स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पशुधन को हीट-वेव यानी लू अथवा अत्यधिक गर्मी से बचाव को लेकर पशुपालन विभाग की एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश दिए गए है।
विभाग ने किसानों एवं पशुपालकों को सलाह दी है कि अपने पशुओं के लिए आवास गृह, पशु शेड की व्यवस्था करें। दोपहर में पशुओं को छायादार वृक्षों के नीचे आराम कराएं। 45 डिग्री से अधिक तापमान होने पर पशुओं के आवास गृह की खिड़की दरवाजों पर गीले पर्दे से बचाव करें। दुधारू पशुओं के लिए कूलर की व्यवस्था भी की जा सकती है। पशुओं एवं पक्षियों के लिए दिन में 4-5 बार स्वच्छ एवं ठण्डे जल की व्यवस्था करे। यदि पशु में हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें।
हिसार रहा सबसे गर्म जिला
हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। इधर, हिसार प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के जिलों के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट भिवानी जिले में 2.1 डिग्री की हुई। जिसके बाद भिवानी का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं सबसे ज्यादा बढ़ोतरी नारनौल में 1 डिग्री हुई। इसके बाद नारनौल का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
ये भी पढ़ें : Gold Price Today : रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद लुढ़का सोना
ये भी पढ़ें : हरियाणा सरकार ने बिजली निगम के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर को दोबारा किया सस्पेंड