
कल 13 जिलों में हो सकती है बारिश
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में बारिश का दौर थमने के बाद गर्मी बढ़नी शुरू हो चुकी है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा चुका है। रविवार को नूंह जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां 36.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया तो वहीं सबसे कम तापमान पंचकूला में 32.1 डिग्री रहा। वहीं मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 3 जिलों में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। इनमें पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला शामिल है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा।
क्षतिपूर्ति पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने का आज अंतिम दिन
हरियाणा में हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, यमुनानगर, अंबाला समेत कई जिलों में फसलों में पानी भरा हुआ है, जिसकी निकासी नहीं हो पाने के कारण फसलें खराब होने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। जिन किसानों की फसलें खराब हो गई हैं, उनके लिए सरकार ने क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला हुआ है। क्षतिपूर्ति पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने का सोमवार को अंतिम दिन है।
प्रदेश में सामान्य से 41 फीसदी अधिक हो चुकी बारिश
प्रदेश में अब तक सामान्य से 41 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। 14 सितंबर तक प्रदेश में 401.1 एमएम बारिश होनी चाहिए थी लेकिन 564.8 एमएम बरसात हो चुकी है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1081.5 एमएम हुई है जबकि सबसे कम सिरसा में 346.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
कल इन जिलों में हो सकती है बारिश
16 सितंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में अधिकतर एरिया में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में कुछ एरिया में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में मौसम साफ रहेगा।
17 सितंबर को 9 जिलों में बारिश की संभावना
17 सितंबर को हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले के अधिकतर इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत में कुछ एरिया में बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।