स्वास्थ्य मंत्री की गिरफ्तारी आम आदमी पार्टी की कार्यशैली का नमूना : डॉ चौहान

0
325
प्रवीण वालिया,करनाल:
सरकार बनने के दो महीने के भीतर भ्रष्टाचार के आरोपों में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला की गिरफ्तारी आम आदमी पार्टी की कार्यशैली का जीता जागता नमूना है। विजय सिंगला पर विकास कार्यों और उनके विधानसभा क्षेत्र में  विकास कार्यों के लिए जारी होने वाली निविदाओं में से बतौर रिश्वत एक प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप है। यह वही पार्टी है जो स्वच्छ राजनीति के जरिए देश को बदलने के नाम पर राजनीति में उतरी थी। अब यह पार्टी खुद बदल गई है। यह बात हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वह पंजाब के ताजा घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे ।

‘केजरीवाल की पार्टी के नेता खुद भ्रष्टाचार में लिप्त’

डॉ. चौहान ने कहा कि कभी सभी सांसदों को चोर बताने वाले अरविंद केजरीवाल की पार्टी के नेता खुद भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार में उनके स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर भी भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के आरोप लग चुके हैं। इससे पहले दिल्ली सरकार के ही एक खाद्य आपूर्ति मंत्री राशन कार्ड बनवाने के नाम पर अनुचित लाभ लेते रहे जिन्हें मामला सार्वजनिक होने पर पद से हटा दिया गया। वह अनुचित लाभ किस प्रकार का था, इसकी सीडी भी वायरल हुई थी।

केजरीवाल एक अवसरवादी नेता: वीरेंद्र 

खुद अरविंद केजरीवाल पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। भाजपा प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि केजरीवाल एक अवसरवादी नेता हैं जो अपने निजी राजनीतिक लाभ के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। गंदगी दूर करने के नाम पर राजनीति की मुख्यधारा में आए केजरीवाल अब खुद गंदगी का हिस्सा बन चुके हैं। वह एक प्रमुख नेता हैं। हाल में दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा के आरोपियों को आम आदमी पार्टी का समर्थन प्राप्त था। शाहीन बाग में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलते ही आप विधायक अमानतुल्लाह खान दौड़े दौड़े चले गए और कार्यवाही का विरोध किया। दिल्ली के ही अन्य इलाकों में दूसरे समुदाय के लोगों की संपत्ति पर बुलडोजर चला तो आम आदमी पार्टी खामोश रही।
SHARE