Vinesh Phogat: हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट ने बेटे को दिया जन्म

0
89
Vinesh Phogat: हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट ने बेटे को दिया जन्म
Vinesh Phogat: हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट ने बेटे को दिया जन्म

जींद के जुलाना से कांगे्रस विधायक है विनेश फोगाट
Vinesh Phogat (आज समाज) जींद: हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट मां बन गई हैं। विनेश फोगाट ने मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली के अपोलो अस्पताल बेटे को जन्म दिया है। डिलीवरी आॅपरेशन के जरिए हुई है। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इससे पहले विनेश फोगाट ने 6 मार्च 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए की थी। उन्होंने पति सोमवीर राठी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि आॅवर लव स्टोरी कंटिन्यू विद न्यू चैप्टर। पोस्ट में उन्होंने बच्चे के पैरों के निशान और प्यार का प्रतीक भी शेयर किया था। विनेश की शादी 7 साल पहले पहलवान सोमवीर राठी से हुई थी।

वजन ज्यादा होने के कारण पेरिस ओलिंपिक से हुई थी बाहर, कुश्ती से लिया संन्यास

विनेश फोगाट ने 2024 में पेरिस ओलिंपिक में भाग लिया था। वहां विनेश ने 50 किग्रा वेट कैटेगरी में 6 अगस्त 2024 को एक ही दिन में 3 मैच खेले थे। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने टोक्यो ओलिंपिक की चैंपियन यूई सुसाकी को हरा दिया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने यूक्रेन और सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर को पटखनी दी। विनेश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बनी थीं।

फाइनल खेलने से पहले वजन की जांच की गई तो उनका वजन ज्यादा निकला। उन्हें 15 मिनट मिले, लेकिन आखिरी बार वजन में भी वह 100 ग्राम अधिक निकलीं। इसके बाद उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया। विनेश फोगाट ने 8 अगस्त को कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।

जुलाना से कांग्रेस की टिकट पर बनीं विधायक

पेरिस ओलिंपिक से लौटने के बाद विनेश फोगाट के समर्थन में दिल्ली एयरपोर्ट से उनके पैतृक गांव बलाली तक रोड शो निकाला गया। जहां सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ रहे। इसके बाद वह पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा से मिलीं। फिर विनेश की मुलाकात राहुल गांधी से हुई।

इसके बाद विनेश ने पहलवान बजरंग पूनिया संग मिलकर कांग्रेस जॉइन कर ली। इसके बाद कांग्रेस ने विनेश को उनके ससुराल जींद के जुलाना से 2024 का चुनाव लड़वाया। यहां विनेश फोगाट ने भाजपा के योगेश बैरागी को 6015 वोटों से हरा दिया।

ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का तटबंध टूटा