Patiala Crime News : जेल में हुए हमले में घायल पूर्व इंस्पेक्टर सूबा सिंह की मौत

0
53
Patiala Crime News : जेल में हुए हमले में घायल पूर्व इंस्पेक्टर सूबा सिंह की मौत
Patiala Crime News : जेल में हुए हमले में घायल पूर्व इंस्पेक्टर सूबा सिंह की मौत

सूबा सिंह दो अन्य पूर्व पुलिस अधिकारियों पर आरोपी ने किया था रॉड से जानलेवा हमला

Patiala Crime News (आज समाज), पटियाला : पटियाला की सेंट्रल जेल में कुछ दिन पहले एक बैरक में बंद पूर्व डीएसपी गुरबचन सिंह और पूर्व इंस्पेक्टर सूबा सिंह व इंद्रजीत सिंह पर हवालाती संदीप सिंह ने रॉड से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार के लिए राजिंद्रा अस्पताल में दाखिल कराया गया था। इनमें से इंस्पेक्टर सुबा सिंह की गत दिवस मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह के खिलाफ दर्ज केस में हत्या की धारा भी जोड़ दी है। ज्ञात रहे कि संदीप सिंह शिव सेना नेता सुधीर सूरी की हत्या के मामले में जेल में बंद है।

करीब एक सप्ताह पहले किया था हमला

प्रदेश की सबसे सुरक्षित जेलों में से एक पटियाला जेल में यह जानलेवा हमला करीब एक सप्ताह पहले 10 सिंतबर को सामने आया था। जब आरोपी संदीप सिंह ने उसी की बैरक में बंद पूर्व डीएसपी गुरबचन सिंह और पूर्व इंस्पेक्टर सूबा सिंह व इंद्रजीत सिंह पर रॉड से हमला कर दिया था। हालांकि यह जांच अभी जारी है कि आरोपी को बैरक में रॉड किस तरह मिली।

जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था सूबा सिंह

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2025 को इंस्पेक्टर सूबा सिंह व अन्य पूर्व पुलिस अफसरों को 1993 में तरनतारन के सात नौजवानों के फर्जी एनकाउंटर केस में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह एक फर्जी एनकाउंटर केस में पटियाला जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। सूबा सिंह समेत जेल में ही बंद पूर्व डीएसपी गुरबचन सिंह व इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह को कुछ दिन पहले हवालाती संदीप सिंह उर्फ सन्नी ने जानलेवा हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सन्नी नवंबर 2022 में अमृतसर में हिंदू नेता सुधीर सूरी के कत्ल केस का आरोपी है। पुलिस अधिकारियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने संदीप सिंह के खिलाफ थाना त्रिपड़ी में केस दर्ज किया था।

हमले के पीछे यह कारण बताया जा रहा

जानकारी के मुताबिक, संदीप सिंह जेल में मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था। जिसकी जानकारी पूर्व पुलिस अधिकारियों ने जेल प्रशासन को दे दी थी। इसी से भड़के संदीप सिंह ने वारदात को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है कि संदीप सिंह ने रॉड के साथ पुलिस अधिकारियों पर हमला किया था। इस हमले में घायल अन्य दोनों पुलिस अधिकारी खतरे से बाहर हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : बाढ़ से पंजाब में 4658 किलोमीटर सड़कें हुई क्षतिग्रस्त : ईटीओ