Weather Update Today : उत्तर भारत में छाएगा कोहरा तो दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी

0
78
Weather Update Today : उत्तर भारत में छाएगा कोहरा तो दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी
Weather Update Today : उत्तर भारत में छाएगा कोहरा तो दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी

आज और कल विशेष रूस से परिवर्तनशील रहेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली सहित अन्य उत्तरी राज्यों में चलेगी शीतलहर

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : जैसे-जैसे नवंबर के दिन बीत रहे हैं वैसे ही उत्तर भारत में सर्दी अपना प्रचंड रूप दिखाने को तैयार है। यहां पर पहाड़ी राज्यों में जहां बर्फबारी से ठंडी हवाएं मैदानी राज्यों का तापमान गिरा रही हैं वहीं दक्षिण भारत में दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय है और बारिश का दौर जारी है।

श्रीलंका के दक्षिणी क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार तथा बांग्लादेश के आसपास मौजूद दूसरा चक्रवात नमी के परिवहन को बढ़ा रहे हैं, जिसके कारण भारी बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं। अगले 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।

तेजी से बढ़ रही सर्दी

मौसम विभाग के ताजा पूवार्नुमान के अनुसार उत्तर और मध्य भारत में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। 16 और 17 नवंबर को शीतलहर की स्थिति सबसे अधिक दिखने की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सुबह और रात के समय सर्दी का असर बेहद तीखा रहेगा।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में लुढ़क रहा पारा

बर्फबारी के बाद तेज हवाएं चलने से जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड तक के कई एरिया में पारा जमाव बिंदू से नीचे दर्ज किया जा रहा है वहीं अन्य स्थानों पर भी यह पांच से सात डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंडी हवाएं मैदानों तक आएंगी और यहां भी तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

तापमान गिरने से बढ़ रही ठिठुरन

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पाला पड़ने से ठिठुरन काफी बढ़ गई है। तड़के कड़क सर्दी, दोपहर में हल्की धूप और शाम ढलते ही फिर से बढ़ती ठंड के साथ मौसम तेजी से अपना रंग बदल रहा है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। तापमान में उतार-चढ़ाव की वजह से लोगों में सर्दी-जुकाम और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़नी शुरू हो गई हैं।

इन स्थानों का पारा शून्य से नीचे किया गया दर्ज

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी ठंड ने रिकॉर्ड स्तर छू लिए हैं। ताबो का तापमान माइनस 5.3, कुकुमसेरी माइनस 4.1, केलांग माइनस 3.6 और कल्पा 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि रात के समय ठंड और तेजी पकड़ सकती है। इसके विपरीत ऊना में कल 28.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया।