प्रदेश के 12 जिलों को बाढ़ ने चपेट में लिया, ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, अभी तक 29 की मौत, 94 हजार से ज्यादा हेक्टेयर फसल बर्बाद
Punjab Flood Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में बाढ़ और बारिश की मार से लोग हाल-बेहाल हैं। बाढ़ से राहत मिलने की बजाय इससे उत्पन्न स्थिति लगातार विकराल होती जा रही है। यही कारण है कि सरकार और प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। हजारों स्वंयसेवी और सामाजिक संस्थाएं भी दिन रात बाढ़ पीड़ितों की सहायता में जुटे हुए हैं। दूसरी तरफ बाढ़ बढ़ते हुए अब प्रदेश के 12 जिलों में फैल चुकी है।
अब तक इतना हुआ नुकसान
पंजाब में बाढ़ और बारिश की वजह से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। 12 जिलों के 2 लाख 56 हजार लोग प्रभावित हैं। किसानों पर भी बाढ़ की बड़ी मार पड़ी है। सूबे में 94061 हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में हैं। इतना ही नहीं सैकड़ों लोगों की दुकानें, घर व कारखाने बाढ़ के पानी की भेंट चढ़ चुके हैं। पशुपालकों के पशुओं की बड़ी संख्या में मौत हो चुकी है जिसके आकड़ें अभी एकत्रित नहीं किए जा सके। सबसे ज्यादा मानसा जिले में किसानों की फसल बर्बाद हुई है।
आज प्रदेश में बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को पंजाब में बारिश का रेड और बुधवार को यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहा कि पहाड़ों पर भी यदि बारिश न थमी तो पंजाब में हालात और बिगड़ सकते हैं। सात सितंबर तक बूंदाबांदी के आसार बताए जा रहे हैं। अभी तक पंजाब में 470 एमएम बारिश हो चुकी है जोकि मानसून सीजन में सामान्य से 30 फीसदी ज्यादा है। वहीं हिमाचल में भी अभी तक 834 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 36 फीसदी अधिक है।
सीएम ने लिया बाढ़ प्रभावित एरिया का जायजा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को होशियारपुर जिले के टांडा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री सबसे पहले गांव मियाणी पहुंचे, जहां सरकारी स्कूल में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित किया गया है। यहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।