Gurugram News: गुरुग्राम में सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग

0
105
Gurugram News: गुरुग्राम में सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग
Gurugram News: गुरुग्राम में सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग

‘लड़की ब्यूटीफुल’ गाने से बॉलीवुड में बनाई पहचान
Gurugram News (आज समाज) गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सिंगर और रैपर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग होने की घटना सामने आई है। फाजिलपुरिया ने थार गाड़ी को बचाकर अपनी जान बचाई। देर रात फाजिलपुरिया एसपीआर पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने फाजिलपुरिया की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जिस समय फायरिंग हुई फाजिलपुरिया अपनी सफेद रंग की थार से जा रहे थे। इसी दौरान हमलावर पीछे से दूसरी गाड़ी में आए और गोलियां चलाने लगे।

भनक लगते ही फाजिलपुरिया ने गाड़ी दौड़ा दी। जिससे वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। फिलहाल गुरुग्राम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि घटनास्थल पर अभी गोली चलने के कोई सबूत नहीं मिले हें। हमलावर कौन थे और उन्होंने फाजिलपुरिया पर हमला क्यों किया, इसके बारे में अभी पता नहीं चल सका है। गुरुग्राम पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। फाजिलपुरिया बॉलीवुड मूवी कपूर एंड संस में गाए ‘लड़की ब्यूटीफुल, कर गई चुल’ से सुर्खियों में आए थे।

पंच कार में सवार थे 5-6 से बदमाश

मिली जानकारी के मुताबिक फाजिलपुरिया अपने गांव फाजिलपुर से जा रहे थे। सफेद रंग की थार में वह गांव से करीब एक किमी की दूरी पर गुरुग्राम के साउदर्न पेरिफेरल रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से पंच कार में सवार 5-6 बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। हालांकि पहले फाजिलपुरिया को इसके बारे में पता नहीं चला।

हरियाणा सरकार की ओर से मिली हुई थी सिक्योरिटी, 3 दिन पहले ही हटाई गई

फाजिलपुरिया के पास पहले हरियाणा पुलिस की सिक्योरिटी थी, लेकिन 3 महीने पहले ही सरकार ने इसे हटा लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही स्पेशल टास्क फोर्स को इनपुट मिला था कि बदमाश किसी सिंगर को निशाना बना सकते हैं।

गुरुग्राम से जजपा की टिकट पर लड़ चुके लोकसभा चुनाव

राहुल फाजिलपुरिया ने 2024 में गुरुग्राम लोकसभा सीट से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे। उनके मुकाबले भाजपा की तरफ से राव इंद्रजीत और कांग्रेस ने राज बब्बर को चुनाव में उतारा था। यह चुनाव राव इंद्रजीत ने जीता था।

हमले का पैटर्न सिद्धू मूसेवाला की हत्या जैसा

फाजिलपुरिया पर हमले के पैटर्न को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला से जोड़कर देखा जा रहा है। मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने ली थी। हत्या से पहले मूसेवाला की भी पंजाब सरकार ने सिक्योरिटी कम कर दी थी।