
सच्चे दोस्त ढूंढने से पहले खुद एक सच्चा और ईमानदार दोस्त बनने की कोशिश करें
Friendship Day 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: दोस्ती का रिश्ता खून के रिश्तों से नहीं बल्कि विश्वास, अपनापन और साथ निभाने की भावना से बनता है। इसी रिश्ते को सम्मान देने के लिए हर साल फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है। हालांकि फ्रेंडशिप डे साल में दो बार मनाया जाता है।
एक तरफ 30 जुलाई को इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है, जबकि दूसरी ओर अगस्त के पहले रविवार को भारत समेत कई देशों में फ्रेंडशिप डे सेलिब्रेट किया जाता है।
जुलाई में अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस
हर साल 30 जुलाई को इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है। इस दिवस को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2011 में आधिकारिक मान्यता दी। इसका उद्देश्य विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच मित्रता, आपसी सम्मान और शांति को बढ़ावा देना है।
अगस्त में फ्रेंडशिप डे कब ?
अगस्त के पहले रविवार को फ्रेंडशिप डे मनाने की परंपरा काफी पुरानी है। भारत, अमेरिका और कई अन्य देशों में अगस्त वाला फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है। माना जाता है कि 20वीं सदी में ग्रीटिंग कार्ड उद्योग और सामाजिक अभियानों के जरिए इस दिन को लोकप्रिय बनाया गया। समय के साथ यह युवाओं के बीच एक खास अवसर बन गया। इस दिन दोस्त एक-दूसरे को फ्रेंडशिप बैंड, कार्ड, गिफ्ट और संदेश देकर अपनी दोस्ती का जश्न मनाते हैं।
भारत में 2 अगस्त को मनाया जाएगा फ्रेंडशिप डे
भारत में फ्रेंडशिप डे हर साल अगस्त महीने के पहले रविवार को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में यह दिन 2 अगस्त यानी कल है। इस साल भारत में लोग 2 अगस्त 2026 को मित्रता दिवस मनाएंगे। इस मौके पर दोस्त एक-दूसरे को शुभकामना संदेश, बैंड और गिफ्ट देकर दोस्ती का जश्न मनाते हैं और रिश्ते मजबूत करते हैं।
इतिहास
दोस्ती को समर्पित दिन मनाने की शुरूआत 1958 में पराग्वे की संस्था वर्ल्ड फ्रेंडशिप क्रूसेड ने की थी। बाद में 2011 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 30 जुलाई को इंटरनेशनल डे आॅफ फ्रेंडशिप घोषित किया। हालांकि भारत और कई अन्य देशों में इसे अगस्त के पहले रविवार को मनाने की परंपरा आज भी कायम है।
कितने प्रकार के होते हैं दोस्त? जानिए किन से रहना चाहिए सतर्क
- सच्चे और पक्के दोस्त : ये वे दोस्त हैं जो आपकी सफलता में जलते नहीं और असफलता में आपका हाथ थामकर खड़े रहते हैं। ये आपके सामने आपकी गलतियां बताते हैं और दूसरों के सामने आपका बचाव करते हैं।
- समय और सुविधा के दोस्त: ये वे दोस्त हैं जो सिर्फ तब तक आपके साथ हैं जब तक उनका कोई काम आपसे निकल रहा हो (जैसे—नोट्स लेना, पार्टी करना या गाड़ी उधार लेना)।
- बचपन या पुरानी यादों के दोस्त: भले ही आप इनसे रोज बात न करें, लेकिन जब भी मिलते हैं, पुरानी खट्टी-मीठी यादें और मासूमियत लौट आती है।
- पेशेवर दोस्त: ये आपके आॅफिस या कॉलेज के साथी होते हैं, जिनके साथ विचार तो मिलते हैं लेकिन दायरा काम तक सीमित रहता है। हालांकि आॅफिस या कॉलेज के कुछ दोस्त पक्के दोस्त भी बन जाते हैं।
ऐसे दोस्तों से रहें हमेशा सतर्क
- ‘मीठे जहर’ जैसे दोस्त: ये आपके मुंह पर हमेशा आपकी अत्यधिक तारीफ करेंगे और पीठ पीछे आपकी बुराई या खिल्ली उड़ाएंगे या ये दोस्त सभी के सामने आपका मजाक उड़ाकर आपकी छवि खराब करेंगे और अकेले में आपका अच्छा दोस्त बनने का नाटक करेंगे। इनकी बातों में आकर कभी भी अति-आत्मविश्वासी न बनें और जब ये सार्वजनिक रूप से मजाक मजाक में आपका मजाक उड़ाकर आपकी छवि खराब करने का काम करें तो इन्हें उसी वक्त टोंके।
- स्वार्थी या मतलब के साथी: इन्हें आपकी याद सिर्फ तब आती है जब इन्हें पैसों की जरूरत हो, कोई काम निकलवाना हो या ये खुद अकेले महसूस कर रहे हों। आपकी जरूरत के समय इनके पास हमेशा कोई न कोई बहाना तैयार रहता है।
- ईष्यार्लु या जलने वाले दोस्त: आपकी किसी भी छोटी या बड़ी सफलता पर इन्हें असली खुशी नहीं होती। ये आपकी उपलब्धि को किस्मत का खेल बताकर कम आंकने की कोशिश करते हैं। यह दोस्त आपके स्कूल, कॉलेज या आॅफिस कहीं भी मिल सकते हैं।
- टॉक्सिक या हमेशा नकारात्मक रहने वाले दोस्त: ये हर परिस्थिति में सिर्फ कमियां और नकारात्मकता ढूंढते हैं। इनसे बात करने के बाद आप खुद को मानसिक रूप से थका हुआ, उदास या अवसाद में महसूस करेंगे। ऐसे दोस्तों के कारण आपक कभी भी खुश नहीं रह सकते हैं। इसलिए इन्हें तुरंत ही छोड़ देने में भलाई है।
- राज उजागर करने वाले दोस्त: जो दोस्त दूसरों के गुप्त राज आपके सामने खोलते हैं, इस बात की पूरी संभावना है कि वे आपके व्यक्तिगत राज भी दूसरों के सामने जाहिर कर रहे होंगे। ऐसे दोस्त कभी भी अपना राज आपको नहीं बताएंगे लेकिन दूसरों का राज जानने में इनकी बड़ी रुचि रहती है।
फ्रेंडशिप डे संदेश
- तेरी मेरी दोस्ती इतनी खास हो,
कि दुनिया कहे, काश ऐसा दोस्त हमारे पास हो। - दोस्ती भी क्या गजब की चीज होती है,
मगर ये भी बहुत कम लोगों को नसीब होती है।
जो पकड़ लेते हैं जिंदगी में दामन इसका,
समझ लो कि जन्नत उनके बिल्कुल करीब होती है।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे! - कोई दोस्त कभी पुराना नहीं होता,
कुछ दिन बात न करने से बेगाना नहीं होता।
दोस्ती में दूरियां समय-समय पर आती रहती हैं,
पर दूरी का मतलब भुलाना नहीं होता। - कोई इतना चाहे तो बताना,
कोई इतने नाज तुम्हारे उठाए तो बताना।
दोस्ती तो हर कोई कर लेगा तुमसे,
कोई हमारी तरह निभाए तो बताना। - हर कर्ज दोस्ती का अदा कौन करेगा,
जब हम ही न रहेंगे तो दोस्ती कौन करेगा।
ऐ खुदा मेरे दोस्त को सलामत रखना,
वरना मेरे जीने की दुआ कौन करेगा।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे। - जिंदगी हर पल खास नहीं होती,
फूलों की खुशबू हमेशा पास नहीं होती।
मिलना हमारी तकदीर में लिखा था,
वरना इतनी प्यारी दोस्ती कभी इत्तेफाक नहीं होती।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे। - वो मुस्कान जो बिना वजह हो,
वो बातें जो कभी खत्म न हों।
यही तो है दोस्ती का जादू,
जो हर दिल को अपना बना ले।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे! - एक चिंगारी आग से कम नहीं होती,
सादगी श्रृंगार से कम नहीं होती।
ये तो सिर्फ सोच का फर्क है,
वरना दोस्ती भी प्यार से कम नहीं होती।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे 2026। - दोस्ती नाम है सुख-दुख की कहानी का,
दोस्ती राज है सदा मुस्कुराने का।
ये कोई पल भर का रिश्ता नहीं,
ये तो वादा है उम्र भर निभाने का।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे 2026। - दोस्ती अच्छी हो तो रंग लाती है,
दोस्ती गहरी हो तो सबको भाती है।
दोस्ती नादान हो तो टूट जाती है,
पर अगर दोस्ती अपनी जैसी हो तो इतिहास बनाती है।
हैप्पी फ्रेंडशिप डे 2026।

