Dr Kilari Anand Paul: यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की मौत की सजा रद्द

0
62
Dr Kilari Anand Paul
Dr Kilari Anand Paul: यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की मौत की सजा रद्द

Dr. K A. Paul On Nimisha Priya Sentence, (आज समाज), सना/नई दिल्ली: यमन के एक नागरिक की हत्या के आरोप में फांसी की सजा पाई भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की मौत की सजा रद्द कर दी गई है। ग्लोबल पीस इनिशिएटिव के संस्थापक और प्रचारक डॉक्टर के.ए. पॉल ने मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) को यह दावा किया। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि यमनी और भारतीय नेताओं के कई दिन और रातों के अथक प्रयासों के बाद निमिषा की मौत की सज़ा रद्द करने पर सहमति बनी है।

यमनी नेताओं को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद

यमन में फांसी की सजा पाई भारतीय नर्स निमिषा प्रिया।

डॉक्टर पॉल ने यमनी नेताओं को उनके शक्तिशाली और प्रार्थनापूर्ण प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। पिछले दस दिन से दिन-रात अथक प्रयासों में जुटे नेताओं का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा, मैं निमिषा प्रिया की मौत की सज़ा रद्द करने की इस बड़ी सफलता में शामिल सभी नेताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं। ईश्वर की कृपा से उन्हें रिहा कर दिया जाएगा और भारत ले जाया जाएगा। मैं प्रधानमंत्री मोदी जी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने अपने राजनयिकों को भेजने की तैयारी की और निमिषा को पेशेवर रूप से, सुरक्षित रूप से ले जाने की तैयारी की।

विदेश मंत्रालय ने दिया था सक्रिय कार्रवाई का विवरण 

पिछले हफ़्ते अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान, विदेश मंत्रालय ने निमिषा प्रिया की मदद के लिए सरकार द्वारा की जा रही सक्रिय कार्रवाई का विवरण दिया था। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने यमन में जटिल कानूनी प्रक्रिया से निपटने में निमिषा के परिवार की सहायता के लिए एक वकील नियुक्त किया है और इसमें शरिया कानून के तहत क्षमादान या माफ़ी के विकल्प तलाशना भी शामिल है।

मामले में हर संभव सहायता प्रदान कर रही भारत सरकार 

रणधीर  जायसवाल ने कहा, यह एक बेहद संवेदनशील मामला है और भारत सरकार इस मामले में हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। हमने कानूनी सहायता प्रदान की है और परिवार की सहायता के लिए एक वकील भी नियुक्त किया है। हमने उनके परिवार के लिए नियमित रूप से कांसुलरी मुलाक़ातों की व्यवस्था भी की है और हम इस मुद्दे को सुलझाने के लिए स्थानीय अधिकारियों और परिवार के सदस्यों के संपर्क में भी हैं। इसमें हाल के दिनों में सुश्री निमिषा प्रिया के परिवार को दूसरे पक्ष के साथ आपसी सहमति से समाधान निकालने के लिए और समय देने के लिए किए गए ठोस प्रयास भी शामिल हैं। यमन में स्थानीय अधिकारियों ने 16 जुलाई को निर्धारित उनकी सज़ा की तामील को स्थगित कर दिया है।”

यह भी पढ़ें : Yemen: भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी स्थगित, व्यक्ति की हत्या का आरोप