Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में सक्रिय छह संगठन पहले ही कुछ अन्य राज्यों में प्रतिबंधित किए

0
55
Devendra Fadnavis
Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में सक्रिय छह संगठन पहले ही कुछ अन्य राज्यों में प्रतिबंध किए

CM Fadnavis On Maharashtra Special Public Security Bill, (आज समाज), मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि ‘महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक 2024’ के तहत महाराष्ट्र में सक्रिय छह संगठनों पर कुछ अन्य राज्यों में पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। यहां विधान भवन में मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि विधेयक, गुरुवार को विधानसभा द्वारा पारित कर दिया गया। इसे पिछले साल दिसंबर में शीतकालीन सत्र के दौरान पेश किया गया था।

विधेयक के जल्द विधान परिषद में पेश किए जाने की उम्मीद

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक 2024′ को पिछले साल दिसंबर में शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में पेश किया गया था। उन्होंने कहा, यह विधेयक’ शहरी नक्सलवाद और निष्क्रिय उग्रवाद” पर केंद्रित वामपंथी उग्रवादी संगठनों की गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने का प्रयास करता है और इसे विधानसभा द्वारा पारित कर दिया गया है। इसके जल्द ही विधान परिषद में पेश किए जाने की उम्मीद है।

महाराष्ट्र में सबसे ज़्यादा 64 अति वामपंथी संगठन

यह पूछे जाने पर कि इस विधेयक के कानून बनने के बाद कितने संगठन प्रभावित होंगे, फडणवीस ने कहा, राज्य में 64 संगठन सक्रिय हैं, जिनमें से छह पहले से ही इसी तरह के कानूनों के तहत अन्य राज्यों में प्रतिबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को विधानसभा में कहा था कि महाराष्ट्र में सबसे ज़्यादा 64 अति वामपंथी संगठन हैं, और चार अन्य राज्यों में प्रतिबंधित कुछ संगठन महाराष्ट्र में भी सक्रिय हैं।

केंद्र ने नक्सल प्रभावित सभी राज्यों से कानून पारित करने को कहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विधेयक उन संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक कानूनी ढांचा प्रदान करता है जो खुद को संवैधानिक और लोकतांत्रिक बताते हुए भी भारतीय संविधान को खारिज करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र ने नक्सल गतिविधियों से प्रभावित सभी राज्यों से ऐसा कानून पारित करने को कहा है। फडणवीस ने कहा, हमने धीरे-धीरे नक्सल आंदोलन को खत्म कर दिया है, जो जंगलों और ग्रामीण इलाकों में हथियारों का इस्तेमाल करते थे।

यह भी पढ़ें : Maharashtra Politics: 20 साल बाद एक मंच पर उद्धव-राज, हमेशा साथ रहने का वादा